वैष्णो देवी मंदिर चांदी शुद्धता प्रकरण में कोर्ट के हस्तक्षेप का शिवसेना (यूबीटी) ने किया स्वागत, निष्पक्ष जांच की मांग

शिवसेना (यूबीटी) ने श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में चांदी शुद्धता प्रकरण में सीजेएम जम्मू के हस्तक्षेप का स्वागत करते हुए सीबीआई जांच की मांग की है। पार्टी ने सोनम वांगचुक के बिगड़ते स्वास्थ्य पर भी चिंता व्यक्त की और केंद्र सरकार को चेतावनी दी।

जम्मू/एजेंसी। श्री माता वैष्णो देवी मंदिर से जुड़े कथित चांदी शुद्धता प्रकरण में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) जम्मू के हस्तक्षेप का शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे (यूबीटी) ने स्वागत किया है। पार्टी ने मामले की निष्पक्ष जांच सीबीआई या उच्च न्यायालय के किसी वर्तमान न्यायाधीश की निगरानी में कराने की मांग उठाई है।
पार्टी के प्रदेश प्रमुख मनीष साहनी ने कहा कि इतने गंभीर आरोपों के बावजूद प्रशासन और क्राइम ब्रांच की कार्यप्रणाली संतोषजनक नहीं रही। उन्होंने आरोप लगाया कि समय पर एफआईआर दर्ज न होना और प्रभावी जांच की शुरुआत में देरी कई सवाल खड़े करती है, जिससे मामले की पारदर्शिता पर भी संदेह उत्पन्न होता है।
साहनी ने बताया कि सीजेएम द्वारा क्राइम ब्रांच को 29 जुलाई को रिकॉर्ड सहित व्यक्तिगत रूप से तलब किए जाने का आदेश जवाबदेही तय करने और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि अयोध्या राम मंदिर में कथित चंदा गबन से जुड़े हालिया मामलों के बाद देशभर के प्रमुख धार्मिक संस्थानों में पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर लोगों की चिंताएं और बढ़ गई हैं।
शिवसेना (यूबीटी) ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज करने, दोषियों को कड़ी सजा दिलाने तथा उपराज्यपाल और श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष से पूरे प्रकरण पर श्वेत पत्र जारी कर श्रद्धालुओं के समक्ष वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।
इस अवसर पर राज सिंह, संजय भट्ट और राजू कपूर सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button