खजूरी ट्रैफिक सर्किल के टीआई ने जाम से निपटने और कांवड़ यात्रा के लिए बनाई विशेष रणनीति
खजूरी ट्रैफिक सर्किल में टीआई प्रेम सिंह और परिपूर्ण न्यूज़ के दिल्ली स्टेट हेड राजीव कुमार गौड़ की मुलाकात में जाम की समस्या और सावन में कांवड़ यात्रा को सुचारू बनाने की रणनीति पर चर्चा हुई। ट्रैफिक पुलिस ने डायवर्जन, यू-टर्न और सड़क सुधार के जरिए व्यवस्था बेहतर करने और आम जनता को जाम से राहत दिलाने का आश्वासन दिया।

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली स्टेट हेड
दिल्ली ब्यूरो। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी ट्रैफिक सर्किल के ट्रैफिक इंस्पेक्टर (टीआई) प्रेम सिंह से उनके कार्यालय में परिपूर्ण न्यूज़ समाचार पत्र के दिल्ली स्टेट हेड राजीव कुमार गौड़ की औपचारिक मुलाकात हुई। इस दौरान क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। भजनपुरा इलाके में सबवे और डबल डेकर फ्लाईओवर निर्माण कार्य के कारण लगने वाले लंबे जाम और आगामी सावन माह में कांवड़ियों की आवाजाही को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस की रणनीति पर विशेष रूप से विचार-विमर्श हुआ।
टीआई प्रेम सिंह ने बताया कि खजूरी गोल चक्कर से सिग्नेचर ब्रिज और शास्त्री पार्क की ओर जाने वाले मार्गों पर ट्रैफिक के दबाव को कम करने के लिए विभिन्न स्थानों पर डायवर्जन और यू-टर्न बनाए गए हैं। इन उपायों के माध्यम से ट्रैफिक को व्यवस्थित और सुचारू रूप से चलाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे आम लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।
उन्होंने यह भी बताया कि खजूरी ट्रैफिक सर्किल की टीम समय-समय पर आम जनता को जागरूक करने के लिए ‘ट्रैफिक पाठशाला’ और अन्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करती रहती है, ताकि लोग यातायात नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहें।
आगामी सावन माह को ध्यान में रखते हुए टीआई प्रेम सिंह ने आश्वासन दिया कि हरिद्वार से पैदल आने वाले कांवड़ियों के लिए सड़कों को पूरी तरह साफ और कंकड़-पत्थर मुक्त किया जाएगा, जिससे उनकी यात्रा सुरक्षित और सुगम हो सके। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था इस प्रकार सुनिश्चित की जाएगी कि आम जनता को जाम के कारण किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।





