सीएम आतिशी ने केजरीवाल के लिए खाली छोड़ी कुर्सी, बीजेपी बोली- ये संविधान का अपमान
CM Atishi left the chair vacant for Kejriwal, BJP said- this is an insult to the Constitution

नई दिल्ली। आतिशी मार्लेना ने सोमवार को दिल्ली सचिवालय में पदभार संभाल लिया है। आतिशी ने दिल्ली की कमान संभालते ही एक बड़ा एलान कर दिया है। उन्होंने निर्णय लिया है कि वे अरविंद केजरीवाल के लिए मुख्यमंत्री की कुर्सी खाली रखेंगी। उन्होंने सीएम की मेज पर अपने लिए अलग कुर्सी लगवाई है। वहीं, भाजपा इसे मुख्यमंत्री पद का अपमान बता रही है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि यह संविधान का अपमान है।
आतिशी का कहना है कि इस कुर्सी पर अरविंद केजरीवाल ही बैठेंगे। उन्होंने कहा कि केजरीवाल फिर से दिल्ली के सीएम बनेंगे और फिर केजरीवाल की इस कुर्सी पर बैठेंगे। आतिशी ने कहा “आज मेरे मन में भी वही व्यथा है, जैसी भगवान राम जी के वनवास जाने पर भरत जी के मन में थी। उन्होंने भगवान राम की खड़ाऊं रखकर शासन चलाया था।
भगवान राम हम सभी के आदर्श हैं और अरविंद केजरीवाल ने उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए दिल्लीवालों की सेवा की और मर्यादा का पालन करते हुए सीएम पद से इस्तीफा दे दिया।
मुझे विश्वास है कि अब दिल्लीवाले केजरीवाल को विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत से विजयी बनाकर फिर से सीएम बनाएंगे। तब तक यह मुख्यमंत्री की कुर्सी केजरीवाल का इंतजार करेगी।” उधर, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि ऐसा करना संविधान-नियम एवं मुख्यमंत्री पद का अपमान है। इस तरह मुख्यमंत्री की मेज पर दो कुर्सी रखना। आतिशी जी यह कोई आदर्श पालन नहीं है, सीधी स्पष्ट भाषा में चमचागीरी है।




