न्यू उस्मानपुर में चाकूबाजी की वारदात का 18 घंटे में खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; हथियार बरामद

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली स्टेट हेड
उत्तर पूर्वी दिल्ली। थाना न्यू उस्मानपुर क्षेत्र में हुई चाकूबाजी की वारदात का पुलिस ने महज 18 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 4 जुलाई 2026 की सुबह न्यू उस्मानपुर थाने को एक घायल व्यक्ति की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को जेपीसी अस्पताल के पास स्थित डीडीए पार्क में एक अज्ञात युवक घायल अवस्था में मिला, जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में मृतक की पहचान तोहीद (20 वर्ष), पुत्र मोहसिन अंसारी, निवासी के-ब्लॉक, न्यू सीलमपुर के रूप में हुई। इस संबंध में थाना न्यू उस्मानपुर में एफआईआर संख्या 448/26 के तहत बीएनएस की धारा 103(1) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
जांच के दौरान इंस्पेक्टर के.एल. यादव के नेतृत्व में तथा एसीपी सीलमपुर मल्कियत सिंह की निगरानी में पुलिस टीम ने विभिन्न स्रोतों से जानकारी एकत्र की। जांच में सामने आया कि घटना से पहले मृतक का कुछ लोगों से विवाद हुआ था।
साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान शहनवाज (21 वर्ष), पुत्र मुमताज; नूर हसन (20 वर्ष), पुत्र अली हसन; और अनस (21 वर्ष), पुत्र रियाजुद्दीन, सभी निवासी के-ब्लॉक टी-हट्स, सीलमपुर, दिल्ली के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक ने पहले नूर हसन को थप्पड़ मारा था और शहनवाज को धमकी दी थी। बदला लेने की नीयत से तीनों ने साजिश रचकर उसे पार्क में बुलाया और चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी शहनवाज पहले भी लूट के एक मामले में शामिल रह चुका है। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।




