आरडीसी में अवैध पार्किंग वसूली का भंडाफोड़, जीडीए की छापेमारी में रंगे हाथ पकड़ा एक आरोपी

गाजियाबाद के आरडीसी क्षेत्र में सार्वजनिक पार्किंग स्थल पर चल रही अवैध वसूली का जीडीए ने भंडाफोड़ किया है।

गाजियाबाद। शहर के प्रमुख कारोबारी केंद्र राजनगर डिस्ट्रिक्ट सेंटर (आरडीसी) में सार्वजनिक पार्किंग स्थल पर लंबे समय से चल रहे अवैध वसूली के खेल का गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने पर्दाफाश कर दिया। शिकायत मिलने पर जीडीए की टीम ने मौके पर छापेमारी कर वाहन चालकों से अवैध रूप से पार्किंग शुल्क वसूल रहे एक व्यक्ति को रंगे हाथ पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, यह मामला जीडीए की प्रस्तावित मल्टीलेवल पार्किंग परियोजना से जुड़े उस भूखंड का है, जिसे सार्वजनिक पार्किंग के लिए आरक्षित किया गया है। आरोप है कि इस स्थल पर लंबे समय से बिना किसी वैध अनुमति के वाहन खड़े कराने के नाम पर लोगों से शुल्क वसूला जा रहा था।
शिकायत मिलने के बाद जीडीए अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। इस दौरान एक व्यक्ति वाहन चालकों से पार्किंग शुल्क लेते हुए पाया गया। अधिकारियों द्वारा पार्किंग संचालन से संबंधित अनुमति और दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़कर स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
बताया जा रहा है कि वाहन चालक इस स्थल को अधिकृत पार्किंग समझकर नियमित रूप से शुल्क दे रहे थे, जिसका फायदा उठाकर अवैध वसूली की जा रही थी। जीडीए ने स्पष्ट किया है कि संबंधित स्थल पर किसी भी व्यक्ति या संस्था को पार्किंग संचालन या शुल्क वसूली की अनुमति नहीं दी गई है।
जीडीए अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक सुविधाओं और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण, अवैध वसूली और अन्य अनधिकृत गतिविधियों के खिलाफ अभियान को और तेज किया जाएगा। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि यदि कहीं भी इस प्रकार की अवैध गतिविधि नजर आए तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button