विदेशी खरीदार दिलाने के नाम पर देशभर के कारोबारियों से ठगी, द्वारका में फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा; 20 लोग गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की द्वारका साइबर थाना पुलिस ने पालम एक्सटेंशन में चल रहे कथित फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश कर 20 लोगों को पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी देशभर के कारोबारियों को विदेशी खरीदार और बड़े निर्यात ऑर्डर दिलाने का झांसा देकर सदस्यता शुल्क तथा फर्जी प्रमाणपत्रों के नाम पर लाखों रुपये वसूलते थे।

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की द्वारका साइबर थाना टीम ने विदेशी खरीदार उपलब्ध कराने का झांसा देकर देशभर के निर्माताओं और व्यापारियों से कथित तौर पर ठगी करने वाले फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा किया है। पुलिस ने पालम एक्सटेंशन स्थित ‘वेब सॉल्यूशंस एक्सपोर्ट’ नाम से संचालित कार्यालय से कुल 20 लोगों को पकड़ा है। इनमें फर्म का पंजीकृत मालिक और संचालन प्रबंधक भी शामिल हैं। पुलिस ने मौके से 34 मोबाइल फोन, आठ लैपटॉप, 14 सीपीयू, फर्जी प्रमाणपत्र, चेकबुक और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दर्ज शिकायतों के विश्लेषण के दौरान ठगी की रकम जिले की बैंक शाखाओं में खोले गए कुछ संदिग्ध खातों में जमा होने की जानकारी मिली। इनमें से एक खाता महाराष्ट्र में दर्ज साइबर शिकायत से जुड़ा पाया गया। खाते की जांच के लिए एसआई विकास सांगवान के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल रवि डागर और कांस्टेबल नरेश की टीम ने पड़ताल की। जांच के दौरान खाते का संबंध पालम एक्सटेंशन, सेक्टर-7 स्थित एक कार्यालय से मिला, जहां कॉल सेंटर संचालित होता पाया गया। इसके बाद द्वारका साइबर थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस की जांच में सामने आया कि गिरोह गूगल पर उपलब्ध कारोबारियों की जानकारी, विज्ञापन, बी2बी पोर्टल और सोशल मीडिया के माध्यम से निर्माताओं तथा व्यापारियों से संपर्क करता था। उन्हें विदेशी खरीदार उपलब्ध कराने का भरोसा देकर करीब 5,900 रुपये और जीएसटी सहित अलग-अलग शुल्क वाले सदस्यता पैकेज बेचे जाते थे। सदस्यता लेने के बाद कारोबारियों को व्हाट्सऐप पर कथित विदेशी खरीदार का नंबर दिया जाता था। पुलिस का आरोप है कि ये खरीदार वास्तव में उसी कार्यालय में काम करने वाले कर्मचारी होते थे, जो विदेशी मोबाइल नंबरों के जरिए कारोबारियों से बातचीत करते थे।

इसके बाद कथित खरीदार बड़े निर्यात ऑर्डर का लालच देकर कारोबारियों से आईएसओ, जीएमपी, बीआरसी, आईईसी या खाद्य सुरक्षा जैसे प्रमाणपत्रों की मांग करते थे। ऑर्डर हाथ से निकलने के डर से कारोबारी दोबारा उसी कंपनी से संपर्क करते थे, जहां से उन्हें भारी रकम लेकर प्रमाणपत्र उपलब्ध कराए जाते थे। पुलिस के अनुसार, ये प्रमाणपत्र फर्जी होते थे और इसके बाद कथित खरीदार किसी नए प्रमाणपत्र की मांग कर देते थे। इस तरह कारोबारियों से बार-बार पैसे वसूले जाते थे।

जांच के दौरान कॉल सेंटर में इस्तेमाल किए जा रहे मोबाइल फोन और कंप्यूटर उपकरणों की जांच की गई तथा कर्मचारियों से पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश से मिली साइबर शिकायतों का संबंध कंपनी के इंडसइंड बैंक और एक्सिस बैंक खातों तथा कॉल सेंटर से बरामद एक मोबाइल नंबर से पाया गया है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया कि फर्म का पंजीकरण एक ऐसे व्यक्ति के नाम पर कराया गया था, जिसने कथित तौर पर मासिक भुगतान के बदले अपनी पहचान उपलब्ध कराई थी। पूरे कामकाज का संचालन प्रबंधक के जरिए अलग-अलग बिक्री, सहायता, खरीदार संपर्क, फर्जी खरीदार और आईटी टीमों के माध्यम से किया जा रहा था।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 34 मोबाइल फोन, आठ लैपटॉप, 14 सीपीयू, फर्म की बिल बुक सहित 23 डायरियां, यस बैंक की दो चेकबुक, प्लास्टिक कोटिंग वाले कथित फर्जी प्रमाणपत्र और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस अब बरामद डिजिटल उपकरणों और बैंक खातों की जांच कर ठगी की रकम, पीड़ित कारोबारियों की संख्या तथा गिरोह से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button