महराजगंज में बिजली की तारों पर लेट गया शराबी, नीचे उतारने में पुलिस के फूले हाथ-पैर
यूपी के महराजगंज में एक युवक बिजली की तारों पर लेट गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद युवक नीचे उतरा। पुलिस ने युवक को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

महराजगंज/उत्तर प्रदेश। महराजगंज का एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है। मंगलवार शाम को भिटौली थाना क्षेत्र के परसा खुर्द गांव में एक शराबी नशे में धुत होकर 11 हजार लाइन के तारों पर लेट गया। वह तारों पर ऐसा लेटा रहा, जैसे चारपाई हो। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी देर तक मशक्कत की, तब जाकर नशेड़ी युवक नीचे उतरा।
मिली जानकारी के अनुसार, भिटौली थाना क्षेत्र के परसा खुर्द गांव निवासी दीन दयाल मंगलवार शाम करीब 4 बजे बिजली के पोल पर चढ़ गया। इसके बाद वह दोनों तारों पर आराम से लेट गया। लोगों ने नीचे से काफी आवाज लगाई, लेकिन वह किसी की बात नहीं सुनने को तैयार था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तुरंत बिजली विभाग को सूचना देकर सप्लाई बंद करवाई, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो सके। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जिस समय युवक पोल पर चढ़ा था, उससे कुछ मिनट पहले ही बिजली सप्लाई बाधित हुई थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उस समय यदि करंट दौड़ रहा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस और लोगों के काफी समझाने-बुझाने के बाद युवक नीचे उतरा। वहीं, इस मामले में पुलिस का कहना है कि युवक शराब के नशे में था और उसी हालत में पोल पर चढ़ गया था। उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। युवक को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।




