अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी कैंपस में ‘जय श्री राम’ और ‘हर-हर महादेव’ के नारे, दिनेश प्रताप सिंह ने तो रच दिया इतिहास
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में यूपी सरकार के मंत्री ने जय श्री राम और हर-हर महादेव के नारे लगाए। एएमयू के मंच से मंत्री के नारे लगाने का वीडियो सामने आया है।

अलीगढ़/उत्तर प्रदेश। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में पहली बार सरकारी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें यूपी सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह शामिल हुए। अब उनके बयानों ने राजनीतिक और शैक्षिक संस्थानों के गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में यूपी सरकार के उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप ने पहली बार जय श्री राम और हर हर महादेव के नारे लगाकर इतिहास रच दिया है। पहली बार एएमयू कैंपस जय श्री राम और हर हर महादेव के नारों से गूंज उठा है। वहीं, एएमयू में मंत्री की ओर से नारे लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दरअसल, अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के कैनेडी ऑडिटोरियम में शुक्रवार को केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर आधारित एक मंडलीय औद्योगिक उन्नयन गोष्ठी का आयोजन किया गया। पहली बार एएमयू कैंपस में कोई सरकारी कार्यक्रम आयोजित हुआ था। इस गोष्ठी कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। गोष्ठी के दौरान मंत्री दिनेश प्रताप ने वहां मौजूद लोगों को मंच से संबोधित किया। आखिर में ‘जय श्री राम’ और ‘हर-हर महादेव’ के नारे लगाए।
केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में हुए कार्यों का जिक्र किया गया। साथ ही, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एएमयू में हुए कार्यक्रम में प्रदेश की बदलती स्थिति का जिक्र किया गया।
यूपी सरकार की ओर आयोजित गोष्ठी कार्यक्रम में भाजपा के सभी विधायक, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं छात्र कार्यक्रम स्थल पर मौजूद थे। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच इस गोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन एएमयू के कैनेडी ऑडिटोरियम में किया गया। एएमयू में मंत्री ने जब जय श्री राम और हर-हर महादेव के नारे लगाए तो लोगों ने भी उनका साथ दिया।
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी परिसर में इस प्रकार खुले तौर पर जय श्री राम और हर-हर महादेव के नारे पहली बार सुनाई दिए। इसी कारण से यह मामला अब चर्चा का विषय बन गया है। लोग कह रहे हैं कि एएमयू में इस प्रकार के कार्यक्रम का आयोजन इसी सरकार के कार्यकाल में हो सकता है।




