टाटा मोटर्स का ग्राहकों को बड़ा झटका, 1 जुलाई से महंगी होंगी कारें, जानिए कीमत में बढ़ोतरी

टाटा मोटर्स ने 1 जुलाई से अपने आईसीई और ईवी यात्री वाहनों की कीमतों में 1.5% तक की वृद्धि की घोषणा की है, जिसका कारण कच्चे माल की बढ़ती लागत और मुद्रास्फीति का दबाव है। यह पिछले तीन महीनों में दूसरी बढ़ोतरी है, जो ऑटोमोबाइल सेक्टर पर निरंतर लागत दबाव को दर्शाता है।

नई दिल्ली/एजेंसी। टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड ने आंतरिक दहन इंजन (आईसीई) और इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) सहित अपने यात्री वाहनों की कीमतों में एक जुलाई से 1.5 प्रतिशत तक की वृद्धि करने का फैसला किया है। यह पिछले तीन महीने में दूसरी बढ़ोतरी है। कंपनी ने पश्चिम एशिया संघर्ष से उत्पन्न लागत दबावों के बीच एक अप्रैल से अपने आईसीई वाहनों की कीमतें बढ़ाई थीं।
कंपनी ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा, ‘‘ यह मूल्य संशोधन कच्चे माल की बढ़ती लागत और मुद्रास्फीति के निरंतर दबाव के प्रभावों को आंशिक रूप से संतुलित करने के लिए किया जा रहा है।’’ इसमें कहा गया कि टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स इन लागत वृद्धि का एक बड़ा हिस्सा स्वयं वहन कर रही है, लेकिन इसका कुछ प्रभाव इस मूल्य समायोजन के जरिये ग्राहकों पर डाला जा रहा है।
कंपनी ने कहा, ‘‘ कीमतों में वृद्धि विभिन्न मॉडल और संस्करणों के लिए अलग-अलग होगी…’’ इससे पहले, कार बाजार की अग्रणी कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने मुद्रास्फीति दबाव और प्रतिकूल लागत का हवाला देते हुए एक जून से अपने विभिन्न मॉडल की कीमतों में 30,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की थी। हुंदै मोटर इंडिया लिमिटेड ने भी एक जून से अपने वाहनों की कीमतों में मॉडल और संस्करणों के अनुसार 12,800 रुपये तक की वृद्धि की थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button