बुराड़ी में भीषण आग के बीच दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल ने बचाई 13 लोगों की जान

दिल्ली ब्यूरो। दिल्ली के बुराड़ी इलाके स्थित दरोगा मार्केट में 16-17 मई की दरमियानी रात करीब 2:30 बजे भीषण आग लग गई, जिसमें ग्राउंड फ्लोर की आठ दुकानें आग की चपेट में आ गईं और लपटें तेजी से ऊपरी मंजिलों तक फैल गईं। इस भयावह स्थिति के बीच थाना बुराड़ी के बीट अधिकारी हेड कांस्टेबल अमर सिंह ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए 13 लोगों की जान बचाई।
जानकारी के अनुसार, नाइट पेट्रोलिंग के दौरान हेड कांस्टेबल अमर सिंह को स्थानीय लोगों से आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि इमारत की सीढ़ियां पूरी तरह आग की चपेट में हैं और दूसरी मंजिल पर एक महिला व एक पुरुष घने धुएं और तेज लपटों के बीच फंसे हुए हैं। बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं था और चारों ओर अफरा-तफरी का माहौल था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने बिना समय गंवाए सड़क से गुजर रहे एक ट्रक को रुकवाया और उसकी छत पर चढ़कर दूसरी मंजिल की बालकनी तक पहुंचे। जान की परवाह किए बिना उन्होंने दोनों लोगों को एक-एक कर अपने कंधे पर उठाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
इसके बाद उन्हें जानकारी मिली कि पास की इमारत में 11 दृष्टिबाधित छात्र भी फंसे हुए हैं और आग वहां तक पहुंचने का खतरा है। हेड कांस्टेबल अमर सिंह ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, यह पूरा रेस्क्यू ऑपरेशन हेड कांस्टेबल अमर सिंह ने अकेले दम पर स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले अंजाम दिया। उनकी बहादुरी और तत्परता के कारण 13 लोगों की जान बच सकी, जो पुलिस सेवा में कर्तव्यनिष्ठा और वीरता का उत्कृष्ट उदाहरण है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button