गलत दिशा में वाहन चलाने वालों पर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का शिकंजा, 2614 चालान और 26 प्राथमिकी दर्ज
ट्रैफिक डीसीपी श्वेता सिंह चौहान के निर्देश पर नंद नगरी ट्रैफिक सर्किल इंस्पेक्टर विकास पंवार के नेतृत्व में खजूरी और नंद नगरी क्षेत्र में 15 दिन चले अभियान में गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के 2614 चालान काटे गए और 26 मुकदमे दर्ज किए गए।

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली स्टेट हेड
पूर्वी दिल्ली। राजधानी में यातायात नियमों का उल्लंघन कर सड़क पर चलने वाले लोगों के खिलाफ दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। ईस्टर्न रेंज की ट्रैफिक डीसीपी श्वेता सिंह चौहान के निर्देशों के तहत खजूरी और नंद नगरी ट्रैफिक सर्किल में गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। नंद नगरी ट्रैफिक सर्किल के इंस्पेक्टर विकास पंवार के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान पिछले 15 दिनों में कुल 2614 चालान काटे गए, जबकि गंभीर मामलों में 26 प्राथमिकी दर्ज की गईं।
पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य गलत दिशा में वाहन चलाने की खतरनाक प्रवृत्ति पर अंकुश लगाना, सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करना और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है। पुलिस के अनुसार, गलत दिशा में वाहन चलाना महज यातायात नियमों का उल्लंघन नहीं, बल्कि ऐसा गंभीर कृत्य है, जिससे वाहन चालकों के साथ-साथ दूसरे राहगीरों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। इस लापरवाही के कारण आमने-सामने की टक्कर, गंभीर हादसों और यातायात जाम जैसी स्थितियां पैदा होती हैं।
विशेष अभियान के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि गलत दिशा में वाहन चलाते पाए जाने पर चालान के साथ-साथ मामले की गंभीरता के अनुसार प्राथमिकी दर्ज करने, अभियोजन और कानून के तहत वाहन जब्त करने जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ईस्टर्न रेंज ने निजी वाहनों, व्यावसायिक वाहनों, दोपहिया वाहनों, ई-रिक्शा, डिलीवरी वाहनों और सार्वजनिक परिवहन के चालकों से निर्धारित मार्ग पर ही वाहन चलाने की अपील की है। पुलिस ने चेतावनी दी कि कुछ मिनट बचाने के लिए गलत दिशा से निकलने की कोशिश किसी बड़े हादसे की वजह बन सकती है।
पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का साझा दायित्व है। यातायात नियमों का पालन करके और गलत दिशा में वाहन चलाने से बचकर दुर्घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से जिम्मेदारीपूर्वक वाहन चलाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।




