दिल्ली भाजपा के दो जिलों में महाप्रशिक्षण शिविर शुरू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया संबोधित

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के पं. दीनदयाल उपाध्याय महाप्रशिक्षण अभियान के अंतर्गत दिल्ली के चांदनी चौक और केशवपुरम जिलों में दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविरों का शनिवार को शुभारंभ हुआ। इन शिविरों में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
चांदनी चौक जिले के शिविर का शुभारंभ संगठन महामंत्री पवन राणा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इससे पूर्व प्रशिक्षण स्थल पर आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल और जिलाध्यक्ष अरविंद गर्ग की उपस्थिति में किया। वहीं केशवपुरम जिले के प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन प्रशिक्षण टोली के सहप्रमुख डॉ. सुमित भसीन ने किया।
दोनों जिलों में पहले दिन कुल सात प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए, जिनमें विभिन्न विषयों पर वरिष्ठ नेताओं ने मार्गदर्शन दिया। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘हमारा इतिहास, विकास एवं सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं के क्रियान्वयन में संगठन की भूमिका’ विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि 27 वर्षों बाद दिल्ली में भाजपा की सरकार बनी है और इसे आने वाले वर्षों तक बनाए रखने के लिए केंद्र व दिल्ली सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का इतिहास और भविष्य दोनों उज्ज्वल हैं, जिसका मूल कारण कार्यकर्ताओं का राष्ट्रवाद, समर्पण, संगठन विस्तार, त्याग और सुशासन का भाव है। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन लगातार नई सीख देता है और शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन में कार्यकर्ताओं के परिश्रम से ही पार्टी आज इस मुकाम पर पहुंची है।
संगठन महामंत्री पवन राणा ने ‘विचार परिवार’ विषय पर बोलते हुए कहा कि डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्रवाद और सांस्कृतिक विकास के लिए संगठन खड़ा किया, जिसका परिणाम है कि आज भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन चुकी है।
कार्यक्रम में सांसद बांसुरी स्वराज ने देश के समक्ष चुनौतियों पर, जबकि सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने केंद्र एवं दिल्ली सरकार की योजनाओं पर सत्र लिया। इसके अलावा विभिन्न विषयों पर जयप्रकाश, राजकुमार भाटिया, योगिता सिंह, सतीश गर्ग, रमेश बिधूड़ी और सुभाष सचदेवा सहित कई नेताओं ने कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया।
रविवार को आयोजित सत्रों में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, पूर्व अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा, संगठन महामंत्री पवन राणा सहित अन्य वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इस दौरान दोनों जिलों में कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को भी सामूहिक रूप से सुनेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button