यमुना में नहाने गए किशोर की संदिग्ध मौत, दोस्ती के मजाक ने ली जान; परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

सत्येंद्र शुक्ला,फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। किशनपुर थाना क्षेत्र के सरौली गांव में 16 वर्षीय किशोर की यमुना नदी में डूबने से हुई मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। मंगलवार शाम दोस्तों के साथ नहाने गया आदित्य तिवारी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था, जिसका शव बुधवार सुबह एकडला घाट के पास यमुना किनारे उतराता मिला। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया।
मामले ने उस समय गंभीर मोड़ ले लिया जब पुलिस पूछताछ में साथ गए एक दोस्त ने चौंकाने वाला खुलासा किया। सूत्रों के अनुसार, नहाने के दौरान अंकित और कुल्लू मजाक में आदित्य के ऊपर चढ़ गए, जिससे वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आरोप है कि दोनों ने उसे बचाने की बजाय घटना को छिपाने की कोशिश की।
परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद अंकित ने आदित्य का मोबाइल छिपा दिया और परिवार को गुमराह करते हुए बताया कि वह दुर्गा माता मंदिर के पास बाइक से उतर गया था। इस भ्रामक सूचना के चलते परिजन पूरी रात उसे तलाशते रहे।
मृतक आदित्य तिवारी, उमाशंकर तिवारी का इकलौता पुत्र था। बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष किशनपुर बच्चे लाल प्रसाद ने बताया कि मामले में साथ गए दोस्तों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। अंकित और कुल्लू से गहन पूछताछ की जा रही है। मृतक का मोबाइल फोन भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button