गाजियाबाद में फर्जी पासपोर्ट मामले में भोजपुर थाना एसएचओ सहित 8 दारोगा लाइन हाजिर
मुंशी ने वेरिफिकेशन में किया था इनकी आईडी का इस्तेमाल

गाजियाबाद। पासपोर्ट फर्जीवाड़े मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। मामले में मंगलवार को भोजपुर थाने के आठ दारोगा को लाइन हाजिर किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने भोजपुर थानाध्यक्ष सचिन कुमार को भी लाइन हाजिर कर दिया। थाने के मुंशी दीपक कुमार ने इन्हीं दारोगाओं की आईडी का प्रयोग कर थाने में ही बैठकर पासपोर्ट वेरिफिकेशन कर दिए थे। इस प्रकरण में भोजपुर थाना प्रभारी सचिन कुमार को भी लाइन हाजिर किया गया है।
भोजपुर क्षेत्र के नाम और पतों पर जारी हुए पासपोर्ट के मामले में पुलिस 30 से ज्यादा मोबाइल नंबरों की कुंडली खंगाल रही है। इनमें एजेंट, पुलिसकर्मी, डाक विभाग के कर्मचारी और पासपोर्ट हासिल करने वालों से जुड़े नंबर हैं। जिन नंबरों से एजेंट विवेक गांधी और प्रकाश सुब्बा की बातचीत हुई है उन नंबरों के सहारे पुलिस जांच को आगे बढ़ा रही है। पुलिस की चार टीमें 22 आरोपितों की तलाश में हैं। फरार आरेापितों की गिरफ्तारी के बाद ही पता चलेगा कि उन्होंने किस उद्देश्य से फर्जीवाड़ा कर पासपोर्ट हासिल किए हैं। दिनभर की जांच पर खबर रहेगी।




