मयूर विहार में गैस एजेंसी के अंदर घुसे गुस्साए लोग, पुलिस बुलाकर एंजेसी करनी पड़ी बंद

पूर्वी दिल्ली। मयूर विहार फेज-2 स्थित पॉकेट-ई में गुरुवार को गैस एजेंसी पर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब सिलिडर लेने आए ग्राहकों और एजेंसी कर्मचारियों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते कुछ आक्रोशित ग्राहक एजेंसी के अंदर घुस गए और हंगामा किया।
हंगामे के दौरान धक्का-मुक्की में एजेंसी की एक महिला कर्मचारी के पैर में चोट लग गई। हालात बिगड़ते देख एजेंसी प्रबंधन ने तत्काल शटर गिराकर एजेंसी को अस्थायी रूप से बंद कर दिया। घटना की सूचना फैलते ही आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए, पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत करवाया। इसके बाद एजेंसी को फिर से खोल दिया गया।
लोगों ने कहा कि गैस लेने के लिए लोगों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लंबी कतारें और अव्यवस्था के कारण ऐसे विवाद पैदा हो रहे हैं। सरकार को व्यवस्था में सुधार करना चाहिए, ताकि आम लोगों को इस तरह की दिक्कतों का सामना न करना पड़े।




