वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर धड़ल्ले से हो रही तंबाकू उत्पादों की बिक्री, बड़ी मात्रा में खेप बरामद, दुकानदार पर केस हुआ दर्ज

रियासी पुलिस ने वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर अवैध तंबाकू उत्पादों की बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री जब्त की है।

कटड़ा/जम्मू। नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत रियासी पुलिस ने श्री माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर अवैध तंबाकू उत्पादों की बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री जब्त की है। पुलिस ने मौके से एक दुकानदार को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रियासी मुकुंद तिब्रेवाला, के निर्देशन में जिला पुलिस रियासी द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस पोस्ट बाणगंगा क्षेत्र के अंतर्गत बाथिंग घाट नंबर-02 के पास नियमित नाका जांच एवं गश्त के दौरान पुलिस टीम को एक दुकानदार द्वारा बीड़ी, सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद बेचते हुए पाया गया।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दुकान की तलाशी ली, जिसमें बड़ी मात्रा में तंबाकू उत्पाद बरामद हुए। तलाशी के दौरान लगभग 450 सिगरेट, करीब 1000 पैकेट चबाने वाला तंबाकू तथा लगभग 900 पैकेट विभिन्न प्रकार के प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद जब्त किए गए।
आरोपीत की पहचान अजय कुमार निवासी मनोह, तहसील अखनूर, जिला जम्मू के रूप में हुई है, जो वर्तमान में बाथिंग घाट नंबर-02 पर दुकान चला रहा था। पूछताछ के दौरान आरोपीत जब्त सामग्री के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।
इस संबंध में थाना कटड़ा में एफआईआर नंबर 146/2026 धारा 223(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
यह पूरी कार्रवाई थाना कटड़ा के एसएचओ इंस्पेक्टर रणजीत सिंह राव के नेतृत्व में एसडीपीओ कटड़ा डॉ. भीष्म दुबे तथा एसपी कटड़ा कामेश्वर पुरी की निगरानी में अंजाम दी गई। रियासी पुलिस ने कहा है कि तीर्थयात्रियों एवं आम जनता के लिए सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने हेतु अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button