जज अमन शर्मा सुसाइड केस में पिता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज, वैवाहिक समस्या से थे परेशान

ग्रीन पार्क में न्यायिक अधिकारी अमन कुमार शर्मा की आत्महत्या के मामले में उनके पिता प्रेम शर्मा की शिकायत पर एफआइआर दर्ज की गई है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 108 और 61(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जिसमें वैवाहिक विवाद को आत्महत्या का कारण बताया गया है।
दक्षिणी दिल्ली। ग्रीन पार्क इलाके में न्यायिक अधिकारी अमन कुमार शर्मा की आत्महत्या मामले में पिता प्रेम शर्मा की तहरीर पर सफदरजंग एन्क्लेव थाने में पुलिस ने रविवार को एफआइआर दर्ज की है। दक्षिणी पश्चिमी जिला पुलिस के मुताबिक मामले में बीएनएस की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाने) व 61(2) (आपराधिक षड्यंत्र) के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। हालांकि पुलिस ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि एफआइआर किसके खिलाफ दर्ज की गई है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शनिवार को 30 वर्षीय अमन कुमार शर्मा ने अपने घर के बाथरूम में दुपट्टे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उनके पिता ने पुलिस को दिए अपने बयान बताया कि वह लंबे समय से वैवाहिक समस्या को परेशान चल रहे थे। उनका अपनी पत्नी से झगड़ा चल रहा था और शनिवार दोपहर भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। इसके बाद अमन कुमार शर्मा ने आत्महत्या की।
वहीं, सूत्रों की माने तो दिल्ली पुलिस ने मामले की जांच के लिए (सीजेआई) को एक पत्र लिखा है। इस पत्र में पुलिस की ओर से मामले में कार्रवाई के लिए अनुमति मांगी गई है। जिसके बाद अब यह तय हो गया है कि जल्द ही मामले में पुलिस कड़ी कार्रवाई कर सकती है।
बता दें कि शनिवार दोपहर उत्तर पूर्वी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) कड़कड़डूमा कोर्ट में सचिव के पद पर कार्यरत अमन कुमार का शव यू-चार-ए, प्रथम तल, ग्रीन पार्क मेन स्थित उनके घर के बाथरूम में फंदे से लटका हुआ मिला था।
वारदात की सूचना उनके जीजा ने पुलिस को दी थी। सफदरजंग एन्क्लेव थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सौंप दिया था।




