दिल्ली पुलिस की स्पेशल यूनिट ‘स्पूनर’ ने लॉन्च किया नया लोगो

दिल्ली पुलिस की स्पेशल यूनिट स्पूनर ने अपना आधिकारिक लोगो लॉन्च किया, जिसका अनावरण पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा ने किया। यह लोगो दिल्ली में पूर्वोत्तर राज्यों के लोगों की सुरक्षा, समावेशन और त्वरित सहायता के प्रति यूनिट की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल पुलिस यूनिट फार नार्थ ईस्टर्न रीजन (स्पूनर) ने शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय में अपना आधिकारिक लोगो लान्च किया। इस लोगो का अनावरण दिल्ली के पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा ने किया।
इस अवसर पर स्पूनर के स्पेशल कमिश्नर डेविड लालरिंगसंगा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। नया लोगो यूनिट की स्पष्ट पहचान बनाने के साथ-साथ उसके उद्देश्य और कार्यशैली को दर्शाने के लिए तैयार किया गया है।
यह दिल्ली में रह रहे पूर्वोत्तर राज्यों के लोगों की सुरक्षा, समावेशन और त्वरित सहायता के प्रति स्पूनर की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। बैज-स्टाइल में तैयार इस लोगो में कानून-व्यवस्था की साख और विश्वसनीयता के साथ मानवीय संवेदनाओं को भी प्रमुखता दी गई है, जो भरोसा, सहयोग और सहजता का संदेश देता है।
लोगो के डिजाइन की प्रक्रिया सहभागी रही, जिसमें नार्थ-ईस्ट कम्युनिटी के सदस्यों के सुझाव और विचार शामिल किए गए। बाद में इन्हें पेशेवर तरीके से विकसित कर एक प्रभावी और संतुलित डिजाइन में ढाला गया।
स्पूनर वर्ष 2014 से दिल्ली में रह रहे पूर्वोत्तर राज्यों के लोगों, दार्जिलिंग के गोरखा समुदाय और लद्दाखी नागरिकों के समर्थन में कार्यरत है। यूनिट समुदाय-आधारित पुलिसिंग के तहत सुरक्षा, कल्याण और समन्वय को मजबूत करने के लिए कई पहल चला रही है।
इसके तहत 1093 हेल्पलाइन, 24×7 मोबाइल पेट्रोलिंग, संकट की स्थिति में सहायता, मृतकों के पार्थिव शरीर को उनके गृह राज्य तक पहुंचाने जैसी मानवीय सेवाएं शामिल हैं।
इसके अलावा, स्पूनर पैनल अस्पतालों के माध्यम से जरूरतमंदों को रियायती चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराता है। यूनिट सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेल प्रतियोगिताओं और छात्र आयोजनों के जरिए विभिन्न समुदायों के बीच संवाद और सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा देती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button