गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक में 20 दुकानों और एक फ्लैट में लगी आग, दो सुरक्षाकर्मी झुलसे

गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक में मंगलवार को 20 दुकानों और अजनारा जैनएक्स सोसायटी के 20वीं मंजिल के एक फ्लैट में आग लग गई। दमकलकर्मियों ने सीढ़ियों से 20वीं मंजिल पर पहुंचकर आग बुझाई, जिसमें दो सुरक्षाकर्मी मामूली रूप से झुलस गए।

गाजियाबाद ब्यूरो। क्रासिंग रिपब्लिक में मंगलवार को गोलचक्कर के पास बनी 20 दुकानों में आग लग गई। दमकलकर्मी आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंचे इसी बीच अजनारा जैनएक्स सोसायटी में 20वीं मंजिल स्थित एक फ्लैट में आग लग गई।
दमकलकर्मी लिफ्ट की जगह सीढ़ियों से मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। आग में घर में रखा सामान जल गया है। हालांकि समय रहते पूरे फ्लोर को खाली करा लिया गया था। आग बुझाने के प्रयास में सोसायटी के दो सुरक्षाकर्मी मामूली रूप से झुलस गए।
उन्हें जिला एमएमजी अस्पताल भेजा गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल का कहना है कि सोसायटी में आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। बिल्डर के खिलाफ विभाग ने कोर्ट में वाद दायर किया हुआ है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल के मुताबिक मंगलवार दोपहर कोतवाली फायर स्टेशन पर सूचना मिली कि क्रासिंग रिपब्लिक गोलचक्कर स्थित दुकानोें में आग लग गई है। सूचना पर एफएसओ कोतवाली शेषनाथ यादव दमकलकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाना शुरू किया। आग तेजी से दुकानों में फैल रही थी। आग की विकरालता को देखते हुए फायर स्टेशन वैशाली, कोतवाली, साहिबाबाद व जनपद गौतमबुद्धनगर से फायर टेंडर घटनास्थल पर बुलाये गए। दमकलकर्मियों ने दो लाइन बनाकर दुकानों की आग को बुझाया। आग लगने की वजह शुरूआती जांच में एसी का कंप्रेशर फटना लग रहा है। अधिकांश दुकानें खाने-पीने के सामान की थी।
जिस समय दमकलकर्मी गोलचक्कर स्थित दुकानों में आग बुझाने में जुटे थे उसी समय गोलचक्कर के पास स्थित अजनारा जैनएक्स सोसायटी के 20वें तल पर अरुणोदय वर्मा के फ्लैट में आग लग गई। जिस पर दमकलकर्मी मौके पर ही मौजूद थे।
आग लगता देख तत्काल सीएफओ के नेतृत्व में एक टीम सोसायटी पहुंची और आग पर काबू पाया। फ्लैट में एक कमरे में आग लगी थी जिसमें तीन एसी, दो मेज, एक एलईडी टीवी जल गए और कमरे की दीवार भी क्षतिग्रस्त हुई। आग बुझाने के लिए पहले सुरक्षाकर्मियों ने प्रयास किया जिसमें दोनों मामूली रूप से झुलस गए। गार्ड अनिल पाल और करन को एंबुलेंस से तत्काल जिला एमएमजी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां दोनों की हालत स्थिर बनी हुई है। फ्लैट में आग की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। क्रासिंग रिपब्लिक गोलचक्कर पर ही शराब का ठेका भी है और उसके बराबर में ही सीएनजी पंप है। दुकानों में आग लगने की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने स्थिति को भांपते हुए तत्काल अन्य स्थानों से गाड़ियों को मंगवाकर आग पर तेजी से काबू पाया। आग यदि शराब की दुकान को अपनी चपेट में ले लेती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
20 मंजिल सीढ़ियों से चढ़कर पहुंचे दमकलकर्मी
अजनारा जैनएक्स सोसायटी के 20वीं मंजिल स्थित फ्लैट में आग लगी देख सीएफओ राहुल पाल एवं अन्य दमकलकर्मी तेजी से सोसायटी पहुंचे। आपात स्थिति में लिफ्ट का प्रयोग करने की बजाय उन्होंने सीढ़ियो से 20वें तल तक जाना उचित समझा। सीएफओ के मुताबिक ऐसी स्थिति में लिफ्ट बंद भी हो सकती है। इसलिए उन्होंने निर्णय लिया कि वह सीढ़ियों से ही ऊपर जाएंगे। मंगलवार को क्रासिंग रिपब्लिक में दो स्थानों पर आग लगने के अलावा पूरे जिले में 12 अन्य स्थानों पर भी आग लगी। सीएफओ के मुताबिक मसूरी के मुबारकुर में खेत में आग की सूचना पर भी दमकल को भेजा गया था।
पुराना बस अड्डा के पास कंप्यूटर मार्केट के बाहर कूड़े में आग, टीला मोड़ इलाके में कूड़े में आग, भोपुरा चौक पर कूड़े में आग, जनकपुरी में पार्क में आग, मुरादनगर के रावली रोड पर बिजली घर में आग, गंगनहर पटरी पर सौंदा पुल के पास जंगल में आग, मुरादनगर के रेवड़ी में खोई में आग लगने की सूचना पर भी दमकल को भेजा गया।
इनके अतिरिक्त अबूपुर गांव में मिल में आग लगी, गांव पेंगा में गंगनहर की पटरी पर जंगल में आग, बेहटा हाजीपुर के संतोष विहार में कूड़े में आग, लाल बाग में कूड़े में आग लगने की सूचना के साथ ही बेहटा हाजीपुर में कूड़े में आग की घटना हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button