गुरुग्राम में लापरवाही पर एसएसआई सस्पेंड, अफसरों को नहीं दी थी रोड स्वीपिंग मशीन जलने की सूचना

गुरुग्राम नगर निगम के वरिष्ठ सफाई निरीक्षक हर्ष चावला को रोड स्वीपिंग मशीन में आग लगने की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को न देने पर निलंबित किया गया है।

गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने प्रशासनिक लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए वरिष्ठ सफाई निरीक्षक (एसएसआई) हर्ष चावला को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई रोड स्वीपिंग मशीन में लगी आग की घटना की समय पर सूचना संबंधित अधिकारियों को न देने के कारण की गई है। जारी आदेश के अनुसार, निगम क्षेत्राधिकार में हुई इस आग की घटना की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को देना अनिवार्य था, लेकिन संबंधित अधिकारी द्वारा न तो संयुक्त आयुक्त को और न ही अन्य किसी वरिष्ठ अधिकारी को इसकी जानकारी दी गई। इसे गंभीर लापरवाही और कर्तव्यों के निर्वहन में चूक माना गया है।
आदेश में कहा गया है कि इस लापरवाही के चलते घटना के समय पर प्रभावी प्रबंधन और त्वरित कार्रवाई में बाधा उत्पन्न हुई। इसे घोर लापरवाही, कर्तव्यहीनता और गैर-प्रदर्शन की श्रेणी में रखते हुए यह सख्त निर्णय लिया गया। बता दें कि मोर चौक क्षेत्र में मंगलवार तड़के सड़क की सफाई कर रही मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीन में आग लग गई थी।
भीम नगर दमकल केंद्र से पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। आग लगने की घटना की खबर बुधवार को प्रकाशित होने के बाद इसकी सूचना निगम अधिकारियों को मिली और निगमायुक्त ने तुरंत प्रभाव से एएसआई को किया निलंबित कर दिया।
हरियाणा सिविल सेवा (दंड एवं अपील) नियम, 2016 के तहत कार्रवाई करते हुए एसएसआइ हर्ष चावला को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। साथ ही, उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय अतिरिक्त आयुक्त नगर निगम गुरुग्राम कार्यालय में रहेगा और वे बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे।
निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने स्पष्ट किया कि प्रशासनिक अनुशासन बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या प्रोटोकाल का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संबंधित अधिकारी के विरुद्ध आमजन की शिकायतों पर गंभीरता न दिखाने और फोन कॉल को नजरअंदाज करने जैसी शिकायतें भी सामने आ रही थीं, जिसे भी गंभीरता से लिया गया है। नगर निगम के पास 20 मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीने हैं। मुख्यालय की मशीनें हैं और इनका ठेका रखरखाव के लिए एक प्राइवेट एजेंसी को दे रखा है। लगभग एक करोड़ रुपये की मशीन जलने से नुकसान हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button