गाजियाबाद के दक्ष वासुदेवा ने किया कमाल, हाईस्कूल में हासिल किए 100% अंक

दक्ष वासुदेवा ने हाईस्कूल में 100% अंक प्राप्त कर स्कूल और जिले का नाम रोशन किया है। वसुंधरा सेक्टर-छह के एमिटी इंटरनेशनल स्कूल के छात्र दक्ष ने बिना कोचिंग और सोशल मीडिया से दूर रहकर यह उपलब्धि हासिल की।
गाजियाबाद। वसुंधरा सेक्टर छह स्थित एमिटी इंटरनेशनल स्कूल के छात्र दक्ष वासुदेवा ने हाईस्कूल में 100 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। उन्होंने ये उपलब्धि बिना कोचिंग के स्वयं अध्ययन कर और इंटरनेट मीडिया से दूर रहकर हासिल की है। पिता भी गणित में उन्हें मदद करते थे। उन्होंने स्कूल के साथ ही जिले का नाम भी रोशन किया है।
वैशाली सेक्टर-पांच में रहने दक्ष वासुदेवा ने गणित, विज्ञान, अंग्रेजी, जापानिज भाषा और डाटा साइंस में शत प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। इन पांच विषयों में उनके 500 में से 500 अंक हैं। इसके अलावा उन्होंने सामाजिक विज्ञान में 100 में से 99 और हिन्दी में 93 अंक प्राप्त किए हैं। टॉप पांच विषयों में उन्होंने सौ प्रतिशत अंक हासिल किए हैं।
उन्होंने बताया कि वह बीते करीब सात माह से 12 से 13 घंटे पढ़ाई कर रहे हैं। हर टॉपिक को रटने के बजाय उसे समझने पर फोकस करते हैं। सोशल मीडिया का उपयोग नहीं करते हैं। उनका कहना है कि पढ़ाई के लिए समय दें, लेकिन उससे ज्यादा जरूरी है हर टॉपिक पर फोकस करते हुए पढ़ाई करना।
उनकी माता शिल्पा वासुदेवा गुरुग्राम की निजी कंपनी में एचआर के पद पर कार्य कर चुकी हैं। वर्तमान में घर पर ही रहती हैं। उनके पिता विग्नेश्वर वासुदेवा दिल्ली में इंजीनियर हैं। उनकी माता का कहना है कि अपने बच्चों पर हमेशा विश्वास करो। हर बच्चा मेहनत करता है। दक्ष वासुदेवा के पिता इंजीनियर हैं। वह भी पिता की तरह इंजीनियर बनना चाहते हैं। इसके लिए वह आइआइटी मुंबई से इंजीनियरिंग करना चाहते हैं।





