खंडवा सेल्स टैक्स ऑफिस में भीषण आग, धू-धू कर जल गया रिकॉर्ड रूम, कई अहम फाइलें-दस्तावेज खाक

एमपी के खंडवा में रविवार को सेल्स टैक्स कार्यालय में अचानक भीषण आग लग गई। आग भड़कने के करीब आधा घंटा बाद दमकल गाड़िया पहुंच सकीं। आग की चपेट में रिकॉर्डरूम आया, जहां महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर खाक हो गए।
खंडवा/मध्य प्रदेश। एमपी के खंडवा के जेल रोड स्थित सेल्स टैक्स कार्यालय में रविवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया और काले धुएं के गुबार कई किलोमीटर दूर दूर तक दिखाई देने लगे। गनीमत यह रही कि रविवार होने के कारण दफ्तर बंद था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई, वरना खंडवा में बड़ा हादसा औऱ बड़ी जनहानी हो सकता था।
दोपहर बाद जब सड़कें अपेक्षाकृत तेज धूप क़े कारण सुनसान और शांत थीं, तभी आसपास के रहवासियों ने बिल्डिंग से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं। उन्होंने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। पूरे इलाके में बेरीकेटिंग करवाई। क्योंकि आग देखने के लिए लोगों की भीड़ बार-बार इकट्ठी हो रही थी।
घटना की जानकारी मिलते ही करीब 30 मिनट के भीतर फायर ब्रिगेड की आधा दर्जन से ज्यादा दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। आग इतनी भीषण थी कि उसे नियंत्रित करने में काफी समय लगा। आगजनी में सबसे ज्यादा नुकसान रिकॉर्ड रूम को हुआ है, जहां महत्वपूर्ण दस्तावेज, फाइलें और फर्नीचर पूरी तरह जलकर खाक हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि कंप्यूटर रूम सुरक्षित बचा रहा, जहां दफ्तर की बैठक व्यवस्था भी होती थी।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण परिसर में सूखी झाड़ियों को जलाना बताया जा रहा है, जिससे तेज हवा के कारण आग फैलकर इमारत तक पहुंच गई। वहीं जीएसटी की असिस्टेंट कमिश्नर ज्योति ब्रह्मे ने शॉर्ट सर्किट को संभावित कारण बताया है। उन्होंने कहा कि झाड़ियों में लगाई गई आग पुरानी थी और नियमित सफाई के दौरान लगाई जाती है।




