कौशाम्बी में ओवरलोड बालू ट्रैक्टरों का बेखौफ आवागमन, सड़कों और राहगीरों पर बढ़ा खतरा

कौशाम्बी में ओवरलोड बालू लदे ट्रैक्टरों का आवागमन लगातार जारी है। कनवार, धुमाई और आसपास के इलाकों से गुजरते ये ट्रैक्टर सड़कों को नुकसान पहुंचा रहे हैं और राहगीरों के लिए खतरा बन रहे हैं। हाल ही में कनवार गांव में एक ट्रैक्टर सड़क धंसाकर नाले में गिर गया था, जिसके बाद ग्रामीणों ने विरोध जताया। विरोध के चलते ट्रैक्टर चालकों ने नए मार्ग अपनाए और अब ये धुमाई रेलवे ओवरब्रिज व अझुवा बस्ती से होकर हाईवे तक पहुंच रहे हैं। भोला चौराहा पर ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी के बावजूद इन वाहनों पर कार्रवाई नहीं हो रही है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से ओवरलोडिंग पर तत्काल रोक लगाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

सचिन पाण्डेय,कौशाम्बी/उत्तर प्रदेश। जिले में ओवरलोड बालू लदे ट्रैक्टरों का बेखौफ आवागमन लगातार जारी है। कनवार, धुमाई और आसपास के इलाकों से गुजर रहे भारी ट्रैक्टर न केवल सड़कों को नुकसान पहुंचा रहे हैं बल्कि राहगीरों के लिए भी गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ये ट्रैक्टर बिना किसी रोक-टोक के दिन-रात दौड़ रहे हैं, जिससे सड़कों में दरारें पड़ रही हैं और कई जगह सड़कें धंसने लगी हैं।
3 मार्च को कनवार गांव में बनी नई सड़क पर एक ओवरलोड ट्रैक्टर के धंस जाने की घटना ने स्थिति की गंभीरता उजागर कर दी थी। ट्रैक्टर सड़क तोड़ते हुए नाले में जा धंसा था, जिसे पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने अपने गांव से ऐसे ट्रैक्टरों के आवागमन पर सख्त आपत्ति जताई।
ग्रामीणों के विरोध के चलते अब ट्रैक्टर चालकों ने नया रास्ता अख्तियार कर लिया है। कनवार गांव में प्रवेश करने से पहले ही ये ट्रैक्टर ग्रामीण मार्गों से होकर धुमाई रेलवे ओवरब्रिज के रास्ते हाईवे पहुंच रहे हैं। वहीं कुछ ट्रैक्टर अझुवा बस्ती के भीतर से होकर सीधे हाईवे में प्रवेश कर रहे हैं।
सबसे हैरानी की बात यह है कि हाईवे के भोला चौराहा पर ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी के बावजूद इन ओवरलोड वाहनों पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। नतीजन, ये ट्रैक्टर बेखौफ होकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ जाते हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोडिंग पर तत्काल रोक लगाई जाए और सख्त कार्रवाई की जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button