यूपी में खाकी शर्मसार, शिकायत दर्ज कराने गई नाबालिग रेप पीड़िता के साथ दरोगा ने रिलेशन बनाने की माँग की

मामले के खुलासे के बाद आरोपी दरोगा और सहयोगी सिपाही सस्पेंड

रामपुर/उत्तर प्रदेश। रामपुर में नाबालिग रेप पीड़िता के साथ दरोगा की शर्मनाक डील का मामला सामने आया है। नाबालिग रेप पीड़िता का आरोप है कि दरोगा ने रिलेशन बनाने पर ही शिकायत लिखने की बात कही। दरअसल, रामपुर जिले की एक नाबालिग मुस्लिम लड़की ने दुराचार की शिकायत दर्ज कराने के लिए पुलिस का दरवाजा खटखटाया। मिलक कोतवाली में उसे ही इंसाफ की जगह दरिंदगी भरी डील का सामना करना पड़ा। अब इस मामले के खुलासे के बाद पुलिस एक्शन मोड में है। आरोपी दरोगा और सहयोगी सिपाही को मामले में सस्पेंड कर दिया गया है।
नाबालिग रेप पीड़िता का बयान सोशल मीडिया पर खासा वायरल हो रहा है। इसमें वह बताती है कि हमारे साथ गलत हुआ था। हम इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने रामपुर गए। वहां से मिलक आए। यहां पर हमें थाने में बैठाया गया। पूरी बात सुनने के बाद दरोगा उदयवीर सिंह ने मुझसे अपना नंबर देने को कहा।दरोगा ने कहा कि कुछ पूछताछ करनी होगी, इसलिए नंबर दे दो। इसके बाद रात को दरोगा ने मुझे मैसेज किया। वीडियो कॉल किया। रिलेशन बनाने की बात कही। रिलेशन बनाने पर कंप्लेन दर्ज कराने की बात कही। लड़की ने सुबह को सारी बात अपनी मां को बताई। उन्होंने अधिकारियों के समक्ष मामले को उठाया।
पीड़िता का आरोप है कि दरोगा ने जब विरोध की बात सुनी तो हमारे पास सिपाही सरफराज को हमारे घर पर भेजा। सरफराज ने लड़की का मोबाइल जबरन चेक किया। उसके फोन से दरोगा का नंबर और चैट डिलीट कर दिए। यह पूरा प्रयास सबूत मिटाने और केस को दबाने के इरादे से किया गया।
रामपुर पुलिस की ओर से मामले में जानकारी दी गई है कि पीड़िता की शिकायत की प्रारंभिक जांच क्षेत्राधिकारी मिलक की ओर से की गई। जांच पर त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस अधीक्षक रामपुर ने दरोगा उदयवीर सिंह एवं सिपाही सरफराज को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्रकरण के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button