नागपुर में आरएसएस मुख्यालय के पास भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद, हाई अलर्ट पर प्रशासन

नागपुर में आरएसएस मुख्यालय से लगभग तीन किलोमीटर दूर एक घर से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद हुई है। इसमें 58 डेटोनेटर, कनेक्टर और 15 जिंदा कारतूस शामिल हैं।
नागपुर/महाराष्ट्र। नागपुर में आरएसएस मुख्यालय से लगभग तीन किलोमीटर दूर एक घर से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया गया है। इसमें 58 डेटोनेटर, कई कनेक्टर और 15 जिंदा कारतूस शामिल हैं। विस्फोटक बरामदगी के बाद पुलिस हाई अलर्ट पर है। पूरे शहर में सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है।
डीसीपी राहुल मदने के अनुसार घर के मालिक ने मंगलवार सुबह करीब 9.45 बजे इस बारे में सूचना दी, जिसके बाद बम निरोधक दस्ते और फोरेंसिक टीमों को तुरंत तैनात किया गया। इलाके को पूरी तरह से घेर लिया गया।
यह घटना चंडीगढ़ में भाजपा कार्यालय पर हुए ग्रेनेड हमले के कुछ ही दिनों बाद हुई है, जिसने राजनीतिक रूप से संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।
चंडीगढ़ में हुए ग्रेनेड हमले में कुछ अज्ञात हमलावरों ने कथित तौर पर पार्टी कार्यालय परिसर पर ग्रेनेड फेंका, जिससे नुकसान तो हुआ लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। इस हमले के बाद देशभर में अलर्ट जारी किया गया और कई राज्यों में राजनीतिक प्रतिष्ठानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई।




