हाथरस में पत्रकार की नाले में मिली लाश, पुलिस कर रही जांच

हाथरस में एक यूट्यूबर पत्रकार का शव गंदे नाले से पुलिस ने बरामद किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
हाथरस/उत्तर प्रदेश। हाथरस में एक यूट्यूबर पत्रकार का शव गंदे में नाले में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक के शव को गंदे नाले पड़ा देख मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने सूचना पुलिस को दी, सूचना मिलने पर इलाका पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लोगों की मदद से युवक के शव को नाले से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। बताया जा रहा है कि युवक के शरीर पर चोटों के निशान भी मिले हैं। इससे आशंका है कि उसकी हत्या कर शव गंदे नाले में फेंका गया है।
जानकारी के मुताबिक, कोतवाली सहपऊ कोतवाली क्षेत्र से जलेसर रोड पर गांव नगला ब्राह्मण के पास स्थित एक गंदा नाला है, जहां मंगलवार की सुबह उस समय सड़क पर लोगों की भीड़ जुटने लगी, जब एक युवक का शव नाले में पड़ा देखा गया। राहगीर और स्थानीय लोग शव की पहचान करने लगे, लेकिन कोई जानकारी सामने नहीं आई।
तभी लोगो ने इसकी सूचना इलाके पुलिस को दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। पुलिस द्वारा मृतक की शिनाख्त यूट्यूबर पत्रकार वेद प्रकाश उर्फ सोनू पुत्र राम प्रकाश निवासी दिल्ली वाला मौहल्ला सदर कोतवाली के रूप में हुई है। वहीं बताया जा रहा है कि मृतक युवक पूर्व पत्रकार बंशीधर नरेश का नाती था।
घटना की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई, फॉरेसिंक टीम द्वारा मौके से साक्ष्य जुटाए गए है। इस घटना को लेकर पुलिस अधिकारी का कहना है कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल युवक के मोबाइल फोन के आधार पर पुलिस आगे की जांच पड़ताल कर रही है।




