मथुरा में आयकर विभाग का फर्जी नियुक्ति पत्र देकर ठगे 9 लाख

मथुरा,(उत्तर प्रदेश)। मथुरा के थाना वृंदावन कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर आप दंग रह जाएंगे। जालसाज ने इनकम टैक्स विभाग में नौकरी लगवाने के लिए एक युवक को अपना शिकार बनाया। ठगों ने पीड़ित से ढाई लाख रुपये कैश और साढ़े छह लाख रुपये अकाउंट में ट्रांसफर करा लिए, जब उसको अपने साथ हुई घटना का पता चला तो थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राजस्थान के दौसा निवासी अशोक कुमार ने एक तहरीर दी है। आरोप है कि सितंबर 2022 में गुरुग्राम निवासी गौरव ने उनकी बेरोजगारी की मजबूरी का लाभ उठाते हुए आयकर विभाग में इंस्पेक्टर पद पर नियुक्ति कराने का वादा किया। इसके एवज में उन्होंने वृंदावन में आकर उनसे पहली पेशगी के तौर पर ढाई लाख रुपये ले लिए। इसके बाद बीच-बीच में ऑनलाइन के माध्यम से साढ़े छह लाख रुपये ले लिए।
20 जनवरी 2023 को जारी नियुक्ति पत्र में नियुक्ति की तारीख 24 जनवरी बताई गई। नियुक्ति पत्र देखकर परिवार में खुशी की लहर थी। आरोप है कि जब 24 जनवरी को वह नौकरी के लिए नियुक्ति पत्र लेकर पहुंचे, तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ। अशोक कुमार ने गौरव के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है।




