कानपुर में बैकहो लोडर से खोदाई में पेड़ समेत गिरे पांच बिजली के खंभे, सैलून कारीगर की दबकर मौत

कानपुर/उत्तर प्रदेश। रतनलाल नगर में खाली प्लाट के भूतल की खोदाई के दौरान बैकहो लोडर के चालक की लापरवाही ने एक युवक की जान ले ली। खोदाई के दौरान पेड़ उखड़कर बिजली के तारों पर जा गिरा और खिंचाव से पांच खंभे टूट सड़क पर आ गए। इससे तीन घंटे तक आपूर्ति बाधित होने के साथ ही दो खंभे केस्को सबस्टेशन के बाहर हेयर ड्रेसर की दुकान किए युवक पर गिरे।
खंभों के बीच दबे युवक को आनन-फानन में लोग निजी अस्पताल और फिर एलएलआर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद बैकहो लोडर चालक मौके से भाग निकला। वहीं, तारों और खंभों की चपेट में आकर सबस्टेशन के बाहर खड़ा स्कूटर और दो बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गईं।
रतनलाल नगर में दबौली केस्को सबस्टेशन के पड़ोस में ही लाजपत नगर स्थित गांधी टायर्स के मालिक का करीब 400 वर्गगज का प्लाट है। मुहल्ले वालों के मुताबिक करीब आठ दिन पहले प्लाट में बैकहो लोडर से भूतल की खोदाई शुरू हुई थी। पीछे का हिस्सा खोदने के बाद सोमवार दोपहर आगे के हिस्से में खोदाई चल रही थी। प्लाट की चहारदीवारी से सटा खड़ा विशालकाय पेड़ चालक की लापरवाही के चलते भरभराकर बिजली के तारों पर गिर गया।
वजनदार पेड़ के कारण खिंचाव होने से बिजली के पांच खंभे टूटकर सड़क पर आ गए। इनमें से दो खंभे केस्को सबस्टेशन के बाहर टट्टर में हेयर ड्रेसर की दुकान किए मूलरूप से बिहार के छपरा के भाटामोहम्मदपुर गांव व वर्तमान में बर्रा चार में रहने वाले 40 वर्षीय रियाज अहमद चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पास में ही बैठा बर्रा चार निवासी धीरू बाल-बाल बच गया।
रियाज को पहले निजी अस्पताल और फिर एलएलआर अस्पताल ले जाया गया। हालांकि वहां पहुंचने से पहले उसने दम तोड़ दिया। वहीं, खंभे गिरने से महादेव नगर निवासी सुनील कुमार की पंक्चर की दुकान पर रखी कंप्रेशर मशीन भी प्लाट में जा गिरी। बर्रा–तीन निवासी रविशंकर पांडेय व दिवंगत रियाज की बाइक व एक स्कूटर क्षतिग्रस्त हो गई।
रविशंकर ने बताया कि वह मीटर के लिए आवेदन करने आए थे। बाइक खड़ी करके फोटोकापी कराने जा रहे थे, तभी हादसा हो गया। घटना के तुरंत बाद पंक्चर दुकान पर बैठे प्लाट मालिक और बैकहो लोडर चालक विष्णु मौके से निकल गए।
डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि दिवंगत रियाज के स्वजन ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया है। उन्हें समझाने का प्रयास किया जा रहा है। प्लाट मालिक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पीड़ित परिवार से तहरीर लेकर आगे कार्रवाई की जाएगी। बैकहो लोडर को कब्जे में लिया गया है।




