अवैध एलपीजी गैस रिफिलअवैध एलपीजी गैस रिफिलिंग गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

दिल्ली ब्यूरो। पालम गांव थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में अवैध एलपीजी गैस भंडारण और रिफिलिंग गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और 45 भारत गैस सिलेंडर, एक टेम्पो तथा गैस ट्रांसफर उपकरण जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार 28 मार्च की सुबह गश्त के दौरान एचसी राजेश को गुप्त सूचना मिली कि आदर्श गली, पालम गांव स्थित एक खाली प्लॉट में बड़ी संख्या में एलपीजी सिलेंडर अवैध रूप से रखे गए हैं। सूचना पर एसआई आर.पी. मीना, एचसी राजेश और एचसी ललित कुमार मौके पर पहुंचे तो वहां एक टेम्पो खड़ा मिला, जिसमें सिलेंडर भरे हुए थे। प्लॉट में भी सिलेंडर खुले में रखे थे। जांच में पता चला कि बिना किसी सुरक्षा उपाय के सिलेंडरों से गैस को नोजल और तराजू की मदद से दूसरे सिलेंडरों में भरा जा रहा था।
पुलिस ने मौके से 45 भारत गैस सिलेंडर बरामद किए। पूछताछ में आरोपियों ने कोई वैध लाइसेंस या अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं किया। उन्होंने बताया कि प्लॉट किराए पर लेकर यहां सिलेंडर जमा किए जाते थे और गैस का अवैध रिफिलिंग कार्य किया जाता था। यह काम ब्लू फ्लेम गैस सर्विस, जनकपुरी के स्टाफ द्वारा किया जा रहा था। बाद में एसडीएम द्वारका, बीपीसीएल और खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी स्थल का निरीक्षण कर अवैध गतिविधि की पुष्टि की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनार सिंह निवासी जय विहार, नजफगढ़ (ड्राइवर), सत्यवीर निवासी विजय एन्क्लेव, डाबरी (डिलीवरी बॉय) और विकास कुमार निवासी सुभाष मार्ग, पालम (सहायक डिलीवरी बॉय) के रूप में हुई है। पुलिस ने सिलेंडरों के साथ तीन गैस ट्रांसफर नोजल, एक ‘साल्टर’ कंपनी का तराजू और टेम्पो भी जब्त किया है। मामले में पालम गांव थाने में एफआईआर संख्या 124/26, दिनांक 28.03.2026, धारा 287/288 बीएनएस एवं 7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत दर्ज की गई है। आगे की जांच जारी है।





