कौशाम्बी में अवैध बालू जांच के दौरान खनन इंस्पेक्टर समेत पूरी टीम पर हमला, 4 आरोपी गिरफ्तार

सचिन पाण्डेय,काैशांबी/उत्तर प्रदेश। अवैध खनिज परिवहन की जांच के लिए इंस्पेक्टर व उनकी टीम पर ट्रक चालक व पासरों ने जानलेवा हमला किया। मारपीट के बाद आरोपित ट्रकों में लदा बालू सड़क पर गिराकर भाग निकले। घटना की जानकारी से पुलिस व प्रशानिक गलियारे में खलबली मच गई। खनिज इंस्पेक्टर की तहरीर पर पुलिस ने पेट्रोल पंप संचालक सहित 12 के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा कायम कर लिया है। पुलिस टीम हंमलावरों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है। चार आरोपित हिरासत में लिए गए हैं।
खान निरीक्षक शत्रुघ्न सिंह ने बताया कि वह अपनी टीम के साथ शनिवार की रात करीब करीब 10:55 सरकारी वाहन से निकले थे। इस दौरान कसेंदा स्थित भारत पेट्रोलियम पंप के पास तीन संदिग्ध बालू लगे ट्रक खड़े मिले। खनन निरीक्षक के मुताबिक ट्रक चालकों से बालू परिवहन से संबंधित प्रपत्र मांगने पर वह नहीं दिखा सके। इस पर गार्ड ट्रक चालकों को वाहन लेकर पिपरी थाने चलने को कहने लगे।
आरोप है कि इस दौरान पेट्रोल पंप के मालिक अंशू सिंह, मैनेजर हरिओम, शिवम सिंह, अफगान, कर्मचारी बलवंत सिंह सहित करीब 12 लोग पहुंचे व उन्हें बेरहमी से पीटने लगे। टीम के गार्ड व सहयोगियों ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो हमलावरों ने उनकी भी पिटाई की। इसके बाद टीम के सामने ही ट्रकों में लोड बालू को सड़क के किनारे गिरवाने के बाद आरोपित चार पहिया वाहन से भाग निकले। दोबारा उनकी तरफ चेकिंग के लिए नहीं आने की धमकी दी गई। घटना की जानकारी खनिज इंस्पेक्टर ने फोन कर पुलिस व प्रशासन के अफसरों को दी तो खलबली मच गई।
एसडीएम व सीओ चायल फोर्स के साथ पंप पर पहुंचे। पुलिस ने हमलावरों की तलाश में दबिश देना शुरू किया लेकिन कोई नहीं मिल सका। खान इंस्पेक्टर की तहरीर पर पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा कायम कर लिया है।
इसके अलावा, आरोपितों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने की धारा भी लगाई गई है। इस संबंध में थाना प्रभारी विकास सिंह ने बताया कि सेल्समैन समेत चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। टंकी मालिक और मैनेजर सहित अन्य की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।




