कोयला खान मजदूर संघ का पाँचवाँ वार्षिक अधिवेशन, मजदूर हितों से जुड़े प्रस्ताव पारित

बिलासपुर/छत्तीसगढ़। कोयला खान मजदूर संघ की पाँचवीं वार्षिक आम सभा एवं अधिवेशन सिंगरौली स्थित एनएसएल जयन्त में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व अध्यक्ष अखिल भारतीय खदान मजदूर संघ जगत नारायण सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय आयुक्त कोयला खान भविष्य निधि संगठन सिंगरौली नवीन निशचल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
केंद्रीय अध्यक्ष महेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देशन और ए.के. सिंह के संचालन में आयोजित इस सभा में अतिथियों का स्वागत एनसीएल महामंत्री पी.के. पाण्डेय ने किया। अधिवेशन में मजदूर हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। इनमें सीपीआरएमएसएनई के तहत चिकित्सा व्यय की वार्षिक सीमा ₹50 हजार से बढ़ाकर ₹75 हजार करने, कोभरेज ₹30 लाख करने, पेंशन गणना में एसडीए को वेतन में शामिल करने और हर 3-5 वर्ष में पेंशन संशोधित करने का प्रस्ताव शामिल रहा। इसके अलावा ग्रेच्युटी भुगतान 1 जनवरी 2017 से ₹20 लाख तथा 5 जनवरी 2026 से ₹25 लाख करने और सीएमपीएफओ ट्रस्टी बोर्ड व सीपीआरएमएसएनई में सेवानिवृत्त कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
अपने सम्बोधन में महेन्द्र प्रताप सिंह ने सीआईएल की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में विभेद को तत्काल रोकने और सुधार की मांग की। अधिवेशन में त्रिवार्षिक राष्ट्रीय कार्यसमिति का 2026-2028 के लिए पुनर्गठन भी किया गया। इसमें अध्यक्ष महेन्द्र प्रताप सिंह, महामंत्री शम्भू विश्वकर्मा, अमरेश सिंह, प्रकाश राय, अमरेन्द्र चौधरी, उपाध्यक्ष राम अवतार आलमकर, संयुक्त महामंत्री अशोक कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष एस.के. रामगोपाल, प्रचार प्रसार मंत्री प्रदीप वाजपेयी, संगठन मंत्री अनिल बंडियार, अरुण सिंह, एस.पी. कुंडू और किशोर हारदाह को चुना गया। कार्यसमिति में बिलासपुर के अशोक शर्मा और भक्तिमय चौधरी निर्वाचित घोषित किए गए।
कार्यक्रम के अंत में दिवंगत आत्माओं को दो मिनट मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। नवनिर्वाचित अध्यक्ष के धन्यवाद ज्ञापन के साथ सभा का समापन हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button