यूपी का गजब हाल ! मिर्जापुर में सड़क के बीचों-बीच खड़ा हैंडपंप
पीडब्ल्यूडी की लापरवाही से राहगीरों और श्रद्धालुओं को खतरा,किसी बड़ी घटना का है इंतजार

मिर्जापुर/उत्तर प्रदेश। मिर्जापुर में विंध्याचल थाना क्षेत्र के कंतित इनारा के पास पीडब्ल्यूडी विभाग और ठेकेदार की बड़ी लापरवाही सामने आई है। सड़क निर्माण के दौरान चालू हैंडपंप को हटाए बिना ही सड़क बना दी गई, जिसके चलते अब सड़क के बीचों-बीच हैंडपंप खड़ा है। यह स्थिति राहगीरों और श्रद्धालुओं के लिए गंभीर खतरा बन गई है, जिससे कभी भी अप्रिय घटना घट सकती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क निर्माण के समय हैंडपंप को हटाने या शिफ्ट करने की कोई व्यवस्था नहीं की गई। नतीजतन, अब यह हैंडपंप सड़क के ठीक बीच में मौजूद है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। खासकर रात के समय या भीड़भाड़ में यह और अधिक खतरनाक साबित हो सकता है और लोगों की जान जोखिम में डाल रहा है।
नवरात्र में बढ़ेगी श्रद्धालुओं की परेशानी
बताया जा रहा है कि नवरात्र के दौरान इस मार्ग से लाखों श्रद्धालु विंध्याचल धाम की ओर जाते हैं। ऐसे में सड़क के बीच खड़ा हैंडपंप श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है, ताकि त्योहार के समय किसी भी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।
विभागीय कार्यशैली पर उठे सवाल
चर्चा है कि यह सड़क मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे को ध्यान में रखते हुए जल्दबाजी में बनाई गई। आरोप है कि समय सीमा के दबाव और लागत बचाने के कारण बिना उचित योजना के काम पूरा कर दिया गया, जिससे यह खामी सामने आई और विभागीय कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
इस मामले को लेकर लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि इस तरह की लापरवाही न केवल जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ है, बल्कि विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े करती है। स्थानीय प्रशासन और पीडब्ल्यूडी विभाग से मांग की जा रही है कि तत्काल हैंडपंप को हटाकर या स्थानांतरित कर सड़क को पूरी तरह सुरक्षित और सुगम बनाया जाए।




