जम्मू पहुंचे हिमाचल के नवनियुक्त राज्यपाल कविंदर गुप्ता

जम्मू/एजेंसी। हिमाचल प्रदेश के नवनियुक्त राज्यपाल कविंदर गुप्ता राज्य के विकास को प्राथमिकता देने के साथ जम्मू कश्मीर से बेहतर संबंध बनाएंगे। शिमला में राज्यपाल के रूप में शपथ लेने के बाद बुधवार को जम्मू पहुंचे कविंद्र गुप्ता ने कहा कि वह वे राज्य के समग्र विकास के लिए कार्य करने के साथ समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने का प्रयास करेंगे। केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के पूर्व उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता ने मंगलवार को शिमला स्थित लोकभवन में आयोजित समारोह में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल के रूप में शपथ ली थी।
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल का पदभार संभालने के बाद बुधवार को जम्मू पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें देश सेवा का एक और अवसर दिया गया है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल का पद किसी राजनीतिक दल का नहीं अपितु जनता की सेवा का दायित्व है।
जम्मू में अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा, मैं राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने मुझे यह जिम्मेदारी दी। कविंद्र गुप्ता ने कहा कि सात महीनों के बाद मुझे एक बड़े राज्य में काम करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि वह समाज के हर वर्ग को साथ लेकर हिमाचल के विकास के लिए कार्य करेंगे। वहीं जम्मू-कश्मीर के लोगों के साथ हिमाचल प्रदेश में कथित दुर्व्यवहार के संबंध में प्रश्न के उत्तर में कविंद्र गुप्ता ने कहा कि दोनों प्रदेशों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध बने रहने चाहिए।
उन्होंने कहा, अभी मुझे ज्यादा समय नहीं मिला है। लेकिन जम्मू-कश्मीर व हिमाचल प्रदेश के बीच अच्छे संबंध होने चाहिए।
उनके बीच गहरे सांस्कृतिक व ऐतिहासिक संबंध हैं, जिन्हें बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा, हमारी भाषा, संस्कृति व सभ्यता काफी हद तक समान है। डोगरा शासकों के दौर में हिमाचल भी उनके राज्य का हिस्सा रहा है। आज भी यहां के गीतों में चंबा व कांगड़ा जैसे स्थानों का उल्लेख मिलता है। इस आपसी प्रेम और सद्भाव को बनाए रखना चाहिए।
कविंद्र गुप्ता ने गत दिनों लद्दाख के उपराज्यपाल पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्हें 18 जुलाई 2025 को केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया था। अब हिमाचल प्रदेश का उपराज्यपाल बनाए जाने पर वह सोमवार को हिमाचल प्रदेश के शिमला पहुंचे थे। कविंद्र गुप्ता ने मंगलवार को शिमला लोकभवन में आयोजित एक समारोह के दौरान राज्यपाल के रूप में शपथ ली थी।
जम्मू शहर के छन्नी हिम्मत के निवासी, 66 वर्षीय कविंद्र गुप्ता बुधवार सुबह जम्मू पहुंचे थे। जम्मू के तकनीकी हवाई अड्डे पर पहुंचने पर प्रदेश भाजपा के कार्यकर्ताओं द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया गया था। जम्मू कश्मीर भाजपा के वरिष्ठ नेता कविंद्र गुप्ता प्रदेश के उपमुख्यमंत्री व विधानसभा के स्पीकर के रूप में काम कर चुके हैं। कविंद्र गुप्ता जम्मू के मेयर भी रह चुके हैं।



