फतेहपुर में मंदिर के घंटे की जंजीर में लटका मिला टाइल्स कारीगर का शव, 7 घंटे तक हंगामा

फतहेपुर/उत्तर प्रदेश। अंचितपुर पिटाई गांव में रविवार देर शाम पत्नी से झगड़ाकर घर से निकले टाइल्स कारीगर का शव करीब 500 मीटर दूर सखियांव स्थित ऊंचे टीले पर बने बजहा बाबा मंदिर के घंटे की जंजीर में मफलर से लटकता मिला। जिससे सोमवार सुबह छह बजे से स्वजन व ग्रामीणों ने हत्या का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगाए। पुलिस कर्मियों के पहुंचने पर सात घंटे तक शव नहीं उठने दिया। जिस पर इंस्पेक्टर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर स्वजन दोपहर एक बजे शव उठने दिया।
थरियांव थाने के अंचितपुर पिटाई गांव में रहने वाले पितांबर उर्फ भोले मौर्य का 30 वर्षीय पुत्र सुशील मौर्य कानपुर में मकानों में टाइल्स लगाने का काम करता था। इसकी पत्नी को डिलीवरी होनी थी जिस पर यह पांच दिन पूर्व गांव आया था। बताते हैं कि रविवार देर शाम कारीगर नशे में घर आया और पत्नी से झगड़ा करने लगा। इसके बाद मोबाइल जमीन पर पटककर घर से नंगे पैर निकल गया।
सोमवार सुबह पड़ोसी सखियांव गांव स्थित मंदिर के घंटे में इसका शव लटकता मिला। स्वजन व ग्रामीणों ने हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया। घटना से दिवंगत की 25 वर्षीय पत्नी तेजरानी, भाई अनिल, पप्पू, बरातीलाल, सहोद्रा उर्फ दरिया, बहन सुंदरिया, मोनू देवी रो-रोकर बेहाल रहीं। मां ने बताया कि चार बेटों में सुशील दूसरे नंबर का था। सीओ थरियांव वीर सिंह ने बताया कि जांच में स्पष्ट हुआ है कि युवक ने आत्महत्या की है फिर भी जांच की जा रही है। थरियांव इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह ने बताया कि चिकित्सकीय पैनल ने सुशील के शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आत्महत्या के साथ अल्कोहल की पुष्टि हुई है। जांच में पता चला है कि नशे में युवक ने पत्नी से झगड़ा किया और मफलर से फंदा लगाकर जान दे दी। जिसके शरीर में कोई चोट के निशान तक नहीं थे।




