उत्तर पूर्वी दिल्ली के दयालपुर में एक महिला की हत्या, दुकान से शव बरामद

राजीव कुमार गौड़/ दिल्ली ब्यूरो। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के दयालपुर इलाके में बुधवार एक बुजुर्ग महिला की नुकीली वस्तु से सिर पर वारकर हत्या कर दी गई। मृतका की शिनाख्त शिवकला (65) के रूप में हुई है। दोपहर करीब 12 बजे घर के पास ही रहने वाली उनकी बेटी जब घर पहुंची तो उसने मां को मृत पाया। बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी गई। खबर मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। क्राइम टीम के अलावा एफएसएल को भी मौके पर बुला लिया गया। छानबीन के बाद शव को जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया। शुरुआती जांच के बाद पुलिस अधिकारी लूटपाट के लिए उनकी हत्या की बात से इंकार कर रहे हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उनके शरीर पर मौजूद सभी जेवरात ज्यों के त्यों मिले हैं। घर में फ्रेंड्ली एंट्री हुई है। इसके अलावा महिला से संघर्ष के सबूत मिले हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। महिला की बेटियों और रिश्तेदारों से भी पूछताछ जारी है। जिला पुलिस उपायुक्त डॉ. जॉय टिर्की ने बताया कि शिवकला गली नंबर-7, नेहरू विहार, दयालपुर स्थित अपने मकान में अकेली रहती थीं। करीब 12 साल पहले इनके पति की मौत हो चुकी है। घर में तीन बेटियां हैं। एक बेटी पंजाब के जालंधर में रहती है जबकि उनकी दो बेटियां घर के पास ही नेहरू विहार में रहती है। बुजुर्ग शिवकला का 25 गज का मकान है। ग्राउंड फ्लोर पर वह परचून की दुकान चलाती थीं, दुकान ग्राउंड फ्लोर के एक कमरे से जुड़ी है। सुबह करीब 8.30 बजे तक शिवकला को उनके पड़ोसियों ने ठीक-ठाक देखा था। इस बीच दोपहर करीब 12.10 बजे शिवकला की छोटी बेटी चिंतामणि घर पहुंची।
उसने मां को जमीन पर अचेत पड़ा देखा। उनके सिर से खून बह रहा था। फौरान उसने शोर मचा दिया। दोपहर 12.15 बजे मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि शिवकला के सिर पर बायी ओर एक सुराग था। किसी नुकीली वस्तु से उनके सिर पर वार किया गया था। ऐसा लगता है कि इसी वजह से उनकी मौत हुई। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम के बाद ही पता चल पाएंगी। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर मामले की छानबीन में जुटी है। पुलिस को सीसीटीवी कैमरों से कुछ अहम सुराग भी मिले हैं। उनके आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button