प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल लॉन्च किया सर्विकल कैंसर के खिलाफ बड़ा अभियान, छत्तीसगढ़ में ऐतिहासिक शुरुआत

स्वास्थ्य क्रांति की नई इबारत: प्रदेश भर में 3.23 लाख किशोरियों के लिए एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत

शैलेश जैन,एमसीबी/छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के विकासखंड खड़गवां स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आज सर्विकल कैंसर के विरुद्ध राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का प्रदेश स्तरीय शुभारंभ गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। देशव्यापी अभियान की वर्चुअल शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के अजमेर से की, जहां उन्होंने 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) वैक्सीनेशन कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह वैक्सीन महिलाओं को होने वाले सर्वाइकल कैंसर से लगभग 98 प्रतिशत तक सुरक्षा प्रदान करने में सक्षम है। प्रधानमंत्री ने उपस्थित बालिकाओं से संवाद भी किया और विकसित भारत 2047 के संकल्प को दोहराते हुए महिलाओं के स्वास्थ्य को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताया।
एमसीबी जिले में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य प्रिया मसराम, जनपद सदस्य श्याम बाई मरकाम, वीरेन्द्र करियाम, धर्मपाल, रामप्रसाद गुप्ता, धनंजय पाण्डेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सरपंच गण एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी अविनाश खरे ने शासकीय प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा अजमेर से राष्ट्रीय अभियान की शुरुआत के साथ ही छत्तीसगढ़ में इसका प्रदेश स्तरीय शुभारंभ एमसीबी जिले के खड़गवां से किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि जिले में 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी लगभग 4000 किशोरियों को यह टीका लगाया जाएगा, जिससे भविष्य में महिलाओं में होने वाले गर्भाशय कैंसर और अन्य संबंधित बीमारियों में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकेगी। राज्य टीकाकरण अधिकारी बी.आर. भगत ने बताया कि पूरे प्रदेश में 3 लाख 23 हजार किशोरियों को यह एचपीवी वैक्सीन निःशुल्क लगाई जाएगी, जो महिलाओं में बढ़ते कैंसर के मामलों की रोकथाम की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।

अपने उद्बोधन में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि आज खड़गवां विकासखंड के लिए गर्व का दिन है कि महिलाओं में होने वाले गंभीर कैंसर की रोकथाम हेतु राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान की प्रदेश स्तरीय शुरुआत यहीं से हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सदैव भविष्य की पीढ़ियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हैं और 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप यह अभियान महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने यह भी बताया कि 1 अप्रैल से प्रदेश को 375 नई 108 एंबुलेंस उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही अब किसी भी मरीज को धनाभाव के कारण इलाज से वंचित नहीं रहना पड़ेगा, क्योंकि सरकारी या निजी अस्पताल में उपचार के लिए डेढ़ लाख रुपये तक की सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को एक घंटे के भीतर अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति से कोई अनावश्यक पूछताछ नहीं की जाएगी और उसे 25 हजार रुपये का प्रोत्साहन भी दिया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी छह किशोरियों—अर्चना यादव, पूर्णिमा, कुमारी रोशनी, अंकिता, मीनू सिंह और अंजना को एचपीवी वैक्सीन लगाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई तथा उन्हें प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। मंत्री ने कहा कि जैसे खसरा और पोलियो जैसी बीमारियों को टीकाकरण से नियंत्रित किया गया, वैसे ही सर्विकल कैंसर के विरुद्ध यह अभियान भी भविष्य में बड़ी सफलता दिलाएगा।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रस्तुत संकल्प बजट 2026-27 का उल्लेख करते हुए कहा कि एमसीबी जिले को ऐतिहासिक सौगातें मिली हैं। जिला चिकित्सालय चिरमिरी को 200 बिस्तरीय अस्पताल की मंजूरी, दिव्यांग मेडिकल बोर्ड की स्थापना, मेडिकल कॉलेज एवं मानसिक चिकित्सालय की स्वीकृति, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खड़गवां का सुदृढ़ीकरण, जरौंधा एवं कोरिया में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की स्वीकृति, जनकपुर में 100 बिस्तरीय स्वास्थ्य केंद्र, देवाड़ांड में नए कॉलेज की स्वीकृति तथा मनेंद्रगढ़ में लेजर स्कोप सेवा प्रारंभ करने जैसी महत्वपूर्ण घोषणाएं जिले के स्वास्थ्य ढांचे को नई ऊंचाई देंगी।
खड़गवां से प्रारंभ हुआ यह प्रदेश स्तरीय एचपीवी टीकाकरण अभियान न केवल एमसीबी जिले बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में महिला स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य अधिकारियों और नागरिकों की व्यापक भागीदारी ने इसे जन आंदोलन का स्वरूप प्रदान किया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष धर्मपाल सिंह श्याम, जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष रामप्रताप गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष भाजपा रामलाल साहू, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष अभय जायसवाल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मुकेश जायसवाल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य किसान मोर्चा धनंजय पाण्डेय, जानर्धन साहू, महामंत्री भाजपा रमेश जायसवाल, मंडल अध्यक्ष युवा मोर्चा सतेंद्र साहू, मंडल अध्यक्ष एससी मोर्चा सुनील सोनवानी, मंडल अध्यक्ष महिला मोर्चा श्रीमती मालती यादव, मंडल अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा मोहम्मद रमजान खान, असमेद सोनवानी, अजय सिंह, इंद्रावती, अपर कलेक्टर अनिल सिदार, सीएमएचओ डॉ. अविनाश खरे, उप संचालक राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. बी.आर. भगत, उप संचालक इंद्रासान पैकरा, विकासखंड अधिकारी खड़गवां डॉ. मनीष प्रताप सिंह सहित समस्त जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button