उत्तराखंड में धारी देवी के पास अलकनंदा झील में हुआ हादसा, एक बोट पर चढ़ी दूसरी बोट, बाल-बाल बचे चालक

देहरादून/एजेंसी। उत्तराखंड के श्रीनगर में स्थित प्रसिद्ध सिद्ध धारी देवी मंदिर के पास अलकनंदा झील में दो बोट आपस में टकरा गईं। गनीमत रही कि बोट में चालकों के अलावा और कोई नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
श्रीनगर के कलियासौड़ स्थित प्रसिद्ध धारी देवी मंदिर के नीचे अलकनंदा झील में रविवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां झील में दो बोट संचालित हो रही थीं। इस दौरान एक बोट तेजी से आई और स्पीड तेज होने के कारण सामने आती दूसरी बोट के ऊपर से निकल गई। यह नजारा देख कर वहां मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान सभी लोग यही कहते दिखे कि अच्छा हुआ बोट में और कोई नहीं था। बोट, इतनी स्पीड में थी कि चालकों को बोट को मोड़ने का मौका भी नहीं मिला और एक बोट का चालक नदी में जा गिरा। बता दें कि इस हादसे का वीडियो शुक्रवार को वायरल हुआ है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि टक्कर लगने के बाद भी बोट कुछ देर तक नदी में ही गोल-गोल घूमती रही। इस घटना से श्रद्धालु और स्थानीय लोग भी दहशत में आ गए तो वहीं कुछ लोग इसका वीडियो बनाने लगे। इस दौरान एक बोट चालक तैरकर सुरक्षित बाहर आ गया, जबकि दूसरे बोट के चालक को अन्य वोट संचालकों और स्थानीय लोगों ने बाहर निकला।
स्थानीय लोगों की तत्परता और वोट संचालकों की हिम्मत के चलते बड़ा हादसा होने से बच गया। वहीं, यह भी गनीमत रही कि इस घटना में कोई व्यक्ति गंभीर घायल नहीं हुआ, लेकिन इस घटना के बाद से क्षेत्र में बोट संचालन को लेकर सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने इसके विरोध में शिकायत भी दर्ज कराई है।
मंदिर समिति के अनुसार, बोट संचालन के कारण सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर शिकायत रजिस्टर में अब तक 200 से अधिक आपत्तियां दर्ज हो चुकी हैं। लोगों का कहना है कि झील में बोट संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।




