दिल्ली के उत्तम नगर ईस्ट मेट्रो पर 12वीं के छात्र ने उठाया खौफनाक कदम! ट्रेन के आगे कूदकर दी जान

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर ईस्ट मेट्रो स्टेशन पर शुक्रवार सुबह एक 17 वर्षीय किशोर ने कथित रूप से चलती मेट्रो ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 11:07 बजे स्टेशन कंट्रोलर की ओर से सूचना मिली कि एक युवक ने प्लेटफॉर्म नंबर-1 से ट्रैक पर छलांग लगा दी है। उस समय द्वारका की ओर से आ रही मेट्रो ट्रेन के नीचे आने से किशोर की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के तुरंत बाद मेट्रो स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों ने युवक को ट्रैक से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। मृतक की पहचान नजफगढ़ निवासी अश्विनी डागर के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि अश्विनी ने हाल ही में 12वीं कक्षा पास की थी और उत्तम नगर स्थित एक कोचिंग सेंटर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। प्रारंभिक जांच में व्यक्तिगत कारणों से परेशान होने की बात सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसके पिता दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) में संविदा चालक के रूप में कार्यरत हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) अस्पताल भेज दिया गया है। मामले में इनक्वेस्ट की कार्रवाई शुरू कर दी गई है और पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। मेट्रो यूनिट के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटना की जांच जारी है।




