गाजियाबाद के मोदीनगर में ज्वेलर्स की चाकू से गोदकर हत्या कर दी, वारदात से इलाके में फैली सनसनी
आरोपी का एनकाउंटर नहीं हुआ तो बंद कर देंगे मोदीनगर, गिरधारीलाल हत्याकांड को लेकर व्यापारियों ने दी चेतावनी

मोदीनगर/गाजियाबाद। गाजियाबाद जनपद में मोदीनगर के गोविंदपुरी में ज्वेलर्स की दुकान के संचालक गिरधारी लाल वर्मा (80) की चाकू से वार करके हत्या कर दी गई। पड़ोसी युवक पर ही हत्या का आरोप है। जानकारी के अनुसार, दुकान खोलते ही आरोपी पीछे से आया और चाकू से ताबड़तोड़ वार कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। गोविंदपुरी की मेन मार्केट में गिरधारीलाल एंड संस ज्वेलर्स नाम से दुकान है। सुबह दुकान खोलकर गिरधारीलाल गल्ले के पास बैठे थे। इसी दौरान आरोपी आया और दुकान में रखे चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। शोर सुनकर बेटा रूपेंद्र आया तो उसे भी घायल कर दिया।
वहीं, घटना के बाद गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने दुकान के बाहर बैठकर धरना शुरू कर दिया है। निवाड़ी भोजपुर व मुरादनगर के थानों से मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से चाकू व मिर्ची पाउडर बरामद किया है। गाजियाबाद के मोदीनगर में ज्वेलर की हत्या से गुस्साए व्यापारियों ने बृहस्पतिवार को गोविंदपुरी का बाजार बंद कर दिया। दरी बिछाकर व्यापारी पर धरने बैठ गए। इस दौरान पुलिस मुर्दाबाद की नारेबाजी की।
धरने पर बैठे व्यापारी कई बार सड़क जाम करने के लिए निकले, लेकिन पुलिस ने किसी तरह उन्हें समझाया। इसको लेकर उनकी पुलिस से नोकझोंक भी हुई। व्यापारियों ने चेतावनी दी यदि आरोपी का एनकाउंटर नहीं हुआ तो मोदीनगर का पूरा बाजार बंद कर देंगे। इस बीच विधायक मोदीनगर, नगरपालिका चेयरमैन समेत तमाम जन्रपतिनिधि भी मौके पर पहुंचे। वहीं, दोपहर करीब 12 बजे एडिशनल पुलिस कमिश्नर आलोक प्रियदर्शी मौके पर पहुंचे तो व्यापारियों ने उनका घेराव कर नारेबाजी शुरू कर दी। मोदीनगर पुलिस को लेकर व्यापारियों ने एडिशनल पुलिस कमिश्नर को खरी खोटी सुनाई।
व्यापारियों ने कहा कि पुलिस बाजार में गश्त नहीं करती है। व्यापारियों पर शहर में सीसीटीवी कैमरे लगाने का दबाव बनाया जाता है। लेकिन व्यापारियों को सुरक्षा नहीं दी जाती है। कई बार दुकानों से सामान चोरी हुए, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। अब दिनदहाड़े व्यापारी की हत्या ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। देर शाम तक भी बाजार बंद रहा। व्यापारियों ने धरना जारी रखा। शाम के समय साप्ताहिक पैठ भी नहीं लगी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी मोदीनगर की ही सुचेतापुरी कॉलोनी का रहने वाला अंकित गुप्ता है। उसपर करीब 18 लाख का कर्ज है। वह ऑनलाइन सट्टा खेलने का आदी है। उसी में रकम हारा था। ऐसे में कर्जदारों के दबाव से वह परेशान था। इस कर्ज को उतारने के लिए आरोपी ने खौफनाक साजिश रची। उसने कई बार दुकान की रेकी की। आरोपी को उम्मीद थी कि यहां से करीब 20 लाख का सामान लूट लेगा। जिसे बेचकर अपना कर्ज उतार लेगा।
आरोपी की करतूत सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रही है, वह बेखाैफ तरीके से वारदात को अंजाम देता दिख रहा है। महज 10 सेकेंड़ में आरोपी ने व्यापारी पर 17 वार किए। आरोपी ने पुलिस को बताया कि पुलिस फिंगर प्रिंट से आरोपी को पकड़ती है, इसलिए वह अपनी उंगलियों पर टेप लगाकर आया था। साथ ही पूरे शरीर को भी कवर किया हुआ था। जिससे उसे कहीं से भी ट्रेस ना किया जा सके। आरोपी ने कुछ दिन पहले ही किसी जानकार से तीन हजार रुपये में तमंचा खरीदा था।
-1764927566066.webp)




