गाजियाबाद के वैभव वत्स ने रचा इतिहास: एशियाई आर्म बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 में जीता स्वर्ण
गाजियाबाद के 20 वर्षीय वैभव वत्स ने थाईलैंड में आयोजित प्रथम एशियाई आर्म बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 के 56 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का नाम रोशन किया।

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के युवा खिलाड़ी वैभव वत्स ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत का नाम रोशन किया है। थाईलैंड में आयोजित प्रथम एशियाई आर्म बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 में 56 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने न केवल तिरंगा लहराया, बल्कि जिले को भी गौरवान्वित किया है।
राजनगर एक्सटेंशन स्थित राज गार्डन सोसायटी निवासी 20 वर्षीय वैभव वत्स ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान दमदार खेल का प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने सभी मुकाबलों में प्रतिद्वंद्वियों को मात देते हुए फाइनल में जगह बनाई और निर्णायक मुकाबले में जीत हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। जीत के बाद पुरस्कार मंच पर तिरंगा लहराते हुए उनका उत्साह और देशभक्ति का जज्बा देखने लायक था।
वैभव वत्स, प्रवीण शर्मा के पुत्र हैं और वर्तमान में नोएडा स्थित एमिटी विश्वविद्यालय में अध्ययनरत हैं। उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ खेल को भी समान महत्व देते हुए निरंतर अभ्यास, अनुशासन और मेहनत के बल पर अपनी अलग पहचान बनाई है।
पिछले कई वर्षों से वैभव राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सक्रिय रूप से भाग लेते रहे हैं, जहां उन्होंने कई पदक और ट्रॉफियां हासिल की हैं। हालांकि, एशियाई स्तर पर जीता गया यह स्वर्ण पदक उनके खेल करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल हो गया है।
महज 20 वर्ष की आयु में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले वैभव वत्स अब गाजियाबाद के उभरते खेल सितारों में शुमार हो चुके हैं। उनकी इस उपलब्धि से जिले के युवाओं और खिलाड़ियों में नया उत्साह देखने को मिल रहा है। खेल प्रेमियों का मानना है कि यदि उन्हें इसी तरह अवसर और प्रोत्साहन मिलता रहा, तो वे भविष्य में विश्व स्तर पर भी भारत का नाम रोशन कर सकते हैं।




