चलते ट्रैफिक में घुसकर चालान किया तो खैर नहीं, आला अधिकारी ने दिल्ली के पुलिसकर्मियों को दी कड़ी हिदायत

नई दिल्ली। दिल्ली के पॉश इलाकों में शुमार साउथ एक्स पार्ट-2 में चलते ट्रैफिक में घुसकर चालान करने के मामले में खबर का असर हुआ है। दरअसल ऐसा करके अपनी जान के साथ-साथ लोगों की जान को भी खतरे में डाल रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को वरिष्ठ अधिकारी से हिदायत मिल गई है। पुलिस सूत्र ने बताया कि अधिकारी की ओर से ऑफिशियल ग्रुप में कहा गया है कि अगर अब इस तरह ट्रैफिक में घुसकर किसी के चालान करने की शिकायत मिली या किसी का विडियो सामने आया तो वह लाइन में जाने के लिए तैयार रहें।बता दें कि मीडिया ने इस मुद्दे को उठाते हुए इस खबर को प्रमुख्ता से प्रकाशित किया था।
मामले से संबंधित विडियो को भी एक्स पर पोस्ट किया गया था, जिसके बाद दिल्ली ट्रैफिक पुलिस हरकत में आई। ट्रैफिक पुलिस के ऑफिशियल हैंडल से पोस्ट पर कमेंट कर धन्यवाद कहा गया, साथ ही बताया गया कि संबंधित ट्रैफिक इंस्पेक्टर (टीआई) को सूचना दी गई है। साथ ही मामले पर जानकारी लेने के लिए एसीपी ट्रैफिक साउथ का नंबर देकर उनसे संपर्क करने के लिए कहा गया।
पुलिस सूत्र ने बताया कि कल ही डिफेंस कॉलोनी सर्कल के ऑफिशियल ग्रुप में अधिकारी की ओर से इस मामले पर मेसेज डाल दिया गया था। इसमें अधिकारी ने साफ कर दिया था कि इस तरह चालान करने वाले पुलिसकर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा।




