‘मदद चाहिए’ कह महिला उतरी, फिर पुरुष ने पिस्टल निकाली, रांची के तुरुप टोल प्लाजा पर खौफनाक लूटपाट

रांची/एजेंसी। झारखंड की राजधानी रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र में स्थित तुरुप टोल प्लाजा पर देर रात अपराधियों ने खुलेआम लूटपाट और फायरिंग की घटना को अंजाम दिया। पुलिस अपराधियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। यह वारदात इतनी बेखौफ थी कि अपराधी न केवल लूटकर भागे, बल्कि कुछ देर बाद दोबारा लौटकर टोल कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी भी दे गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस कार्रवाई कर रही है।
घटना रात करीब 12:37 बजे की बताई जा रही है। रामपुर से विकास की ओर जा रही सफेद रंग की महिंद्रा एक्सयूवी (नंबर JH 01 FG 1025) टोल प्लाजा के बूथ नंबर-13 पर रुकी। गाड़ी से एक पुरुष और एक महिला उतरे। महिला ने कमर में दर्द का बहाना बनाकर ड्यूटी पर तैनात टोल कलेक्टर (टीसी) विशाल उपाध्याय से मदद मांगी। जैसे ही विशाल केबिन से बाहर निकले और मदद के लिए आगे बढ़े, अपराधियों ने उनकी कनपटी और सीने पर पिस्टल सटा दी। उन्होंने विशाल का मोबाइल फोन और जेब में रखे नकद 13 हजार रुपये लूट लिए।
लूट का विरोध करने पर अपराधियों ने विशाल को जमीन पर पटक दिया। उन्होंने हाथ-पैर बांधने की कोशिश की और जमकर मारपीट की। इसी दौरान एक अपराधी ने विशाल पर निशाना साधकर गोली चला दी। गोली उनके कान के बगल से सटकर निकल गई, जिससे विशाल बाल-बाल बच गए। गोली की आवाज सुनकर शिफ्ट इंचार्ज और अन्य टोल कर्मचारी दौड़कर मौके पर पहुंचे, तब अपराधी हथियार लहराते हुए विकास की ओर फरार हो गए। अपराधियों का दुस्साहस देखते ही बनता था। भागने के कुछ देर बाद वे दोबारा टोल प्लाजा पर लौट आए और कर्मचारियों को अंजाम भुगतने की खुली धमकी दी। इस दौरान उन्होंने हथियार दिखाकर डराने की कोशिश भी की। टोल प्रबंधन ने वाहन की संख्या और सीसीटीवी फुटेज तुरंत पुलिस को सौंप दिया।
टोल कर्मचारियों का कहना है कि एनएचएआई की संपत्ति और कर्मियों की सुरक्षा अब गंभीर खतरे में है। रात के समय ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे कर्मचारी डरे हुए हैं। विशाल उपाध्याय ने बताया कि वे सिर्फ टोल लेने के लिए ड्यूटी पर थे, लेकिन एक छोटी रकम के चक्कर में उनकी जान पर बन आई। अनगड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और वाहन संख्या के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा और आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा। टोल प्लाजा प्रबंधन ने भी इस घटना की शिकायत दर्ज कराई है। जांच में महिला और पुरुष दोनों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button