महाराष्ट्र नगर निगम चुनावी प्रचार में शिवसेना शिंदे गुट को बड़ा झटका
गणेश सुले का नया सफर: बहुजन विकास अघाड़ी में शामिल

कांती जाधव/महाराष्ट्र ब्यूरो। महाराष्ट्र में नगर निगम चुनावी प्रचार के बीच वसई विधानसभा क्षेत्र से एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। शिवसेना (शिंदे गुट) के वसई विधानसभा समन्वयक और निस्वार्थ सामाजिक कार्यकर्ता गणेश सखाराम सुले अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ आधिकारिक तौर पर बहुजन विकास अघाड़ी (बाविया) में शामिल हो गए हैं।
वसई के राजनीतिक गलियारों में इस घटनाक्रम को शिवसेना शिंदे गुट के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। श्री गणेश सुले ने युवा नेता और विधायक क्षितिज ठाकुर के मार्गदर्शन और विश्वास में बाविया पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वे विकास और जनसेवा की विरासत को आगे बढ़ाते हुए जनता की समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
बहुजन विकास अघाड़ी के संस्थापक और वरिष्ठ नेता माननीय विधायक हितेंद्र ठाकुर (अप्पा) के मार्गदर्शन में गणेश सुले अब संगठन के माध्यम से जनता की आवाज उठाने और उनके मुद्दों को प्राथमिकता देने का संकल्प लेकर आगे बढ़ेंगे।
विधायक क्षितिज ठाकुर ने इस अवसर पर गणेश सुले को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सामाजिक सेवा और जनहितकारी दृष्टिकोण से पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सुले के नेतृत्व में वसई क्षेत्र में जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
इस घटनाक्रम ने वसई की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। नगर निगम चुनावों के प्रचार के बीच शिंदे गुट से सुले का जाना न केवल संगठनात्मक स्तर पर बल्कि जनाधार की राजनीति में भी असर डाल सकता है। बहुजन विकास अघाड़ी के लिए यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, वहीं शिवसेना शिंदे गुट के लिए यह चुनौतीपूर्ण स्थिति बन गई है।





