दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे 7 नाइजीरियाई नागरिक गिरफ्तार, ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ के तहत हुई कार्रवाई

दक्षिणी दिल्ली। दिल्ली के द्वारका जिले में नशा तस्करी और अवैध प्रवासियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिला पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स सेल ने उत्तम नगर इलाके से 7 नाइजीरियाई नागरिकों को पकड़ा है, जो भारत में अपनी वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी अवैध रूप से रह रहे थे।
डीसीपी अंकित सिंह के निर्देशानुसार, जिले में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों और नशा तस्करों पर नकेल कसने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में एंटी-नारकोटिक्स सेल के प्रभारी इंस्पेक्टर सुभाष चंद की देखरेख में पुलिस टीम उत्तम नगर क्षेत्र में गश्त और खुफिया जानकारी जुटा रही थी।24 दिसंबर को टीम ने इलाके में संदिग्ध रूप से घूम रहे सात विदेशी नागरिकों को रोककर उनके यात्रा दस्तावेजों की मांग की।
जांच करने पर पाया गया कि उनके पास भारत में रहने के लिए कोई वैध वीजा या दस्तावेज नहीं थे और वे अपनी तय समय सीमा से अधिक समय से यहां रह रहे थे। पकड़े गए नाइजीरियाई नागरिकों की पहचान चिडी पास्कल एनीग्बो, फेलिक्स ईकोमा, सोलोमन चिडिम्मा ओडो, चिबुएज़ इनोसेंट चुक्वु, चिनेदु किंग्सले ओगबू, सोलोमन चिडेरा अचुलु और चिनेदु डैनियल ओकेचुकवु के रूप में हुई है।
पुलिस ने पकड़े गए सभी सातों नागरिकों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें एफआरआरओ के समक्ष पेश किया। एफआरआरओ ने उनके दस्तावेजों की कमी और अवैध प्रवास को देखते हुए उन्हें वापस उनके देश भेजने के आदेश जारी किए हैं। वर्तमान में इन सभी को डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया है। डीसीपी अंकित सिंह ने स्पष्ट किया कि संसाधनों पर बोझ बनने वाले और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल अवैध प्रवासियों के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button