फतेहपुर में सगाई टूटने के बाद भी नहीं टूटा रिश्ता, मंदिर में रचाई दहेज रहित शादी

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद तय शादी टूट गई लेकिन प्रेम में बंधे युवक-युवती ने एक-दूसरे का साथ नहीं छोड़ा। लुक-छिपकर मुलाकातों के बाद दोनों ने विवाह का निर्णय लिया। सोमवार को परिजन की मौजूदगी में फाल्गुनगिरि मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से दहेज रहित विवाह संपन्न कराया गया। दोनों पक्षों के रिश्तेदारों ने नवदंपती को आशीर्वाद दिया।
किशनपुर थाना क्षेत्र के महावतपुर असहट गांव निवासी मंजन निषाद ने पुत्री राधा देवी की शादी बांदा जनपद के कमासिन थाना क्षेत्र के नंदूपुर गांव निवासी शिवप्रसाद के पुत्र बच्चा निषाद के साथ तय की थी। कुछ दिनों बाद वर-वधू पक्ष के बीच विवाद होने के कारण शादी टूट गई थी।
शादी टूटने के बाद भी युवक और युवती संपर्क में रहे और विवाह करने का फैसला कर लिया। चोरी-छिपे मिलने की जानकारी जब परिजनों को हुई तो दोनों पक्ष बाद में शादी के लिए राजी हो गए। मंदिर के विवाह संपन्न होने के बाद वधू पक्ष की ओर से विदाई की रस्म निभाई गई। दूल्हे के दोस्तों ने गांव में मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की।

नवदंपति को आशीर्वाद देते वर और वधू पक्ष के परिजन।




