जीटीबी एनक्लेव थाना पुलिस की बड़ी सफलता: स्नैचिंग-चोरी में लिप्त गिरोह गिरफ्तार

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। जीटीबी एनक्लेव थाना पुलिस ने विशेष गश्त अभियान चलाकर स्नैचिंग और बाइक चोरी में लिप्त गिरोह का पर्दाफाश किया। 01 दिसंबर 2025 की देर रात अपराधियों पर नकेल कसने के लिए जीटीबी एनक्लेव थाना पुलिस की टीम ने विशेष क्षेत्र-गश्त अभियान चलाया। यह अभियान इंस्पेक्टर बृजेश मिश्रा एसएचओ जीटीबी एनक्लेव थाना और एसीपी सीमापुरी मुकेश कुमार के निर्देशन में संचालित हुआ। ग्रीन फील्ड पब्लिक स्कूल, जीटीबी एनक्लेव के अंधेरे वाले हिस्से में एएसआई सतीश, हेड कांस्टेबल सचिन, हेड कांस्टेबल रुसैल, कांस्टेबल गजेन्दर और होमगार्ड अरविंद की पेट्रोलिंग टीम को संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए तैनात किया गया था।
इसी दौरान जीटीबी अस्पताल की ओर जा रही एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रोकने का इशारा किया गया। पुलिस देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन तेज मोड़ लेते समय बाइक फिसल गई। ड्राइवर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि पीछे बैठा युवक मौके पर दबोच लिया गया।पूछताछ में आरोपी की पहचान अबू बकर उर्फ आमिर निवासी कबीर नगर, उम्र 24 वर्ष के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से एक स्नैच किया हुआ मोबाइल फोन बरामद हुआ, जो शाहदरा क्षेत्र से चोरी की पुष्टि हुआ। पूछताछ में उसने बताया कि जिस मोटरसाइकिल पर वे थे, वह भी चोरी की थी।
अबू बकर ने अपने साथी का नाम बाबर निवासी छाजूपुर, शाहदरा उम्र 25 वर्ष बताया, जो मोटरसाइकिल मैकेनिक है और उसके साथ मिलकर चोरी व स्नैचिंग करता है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर बाबर को भी गिरफ्तार कर लिया।
दोनों ने कई बाइक चोरी व स्नैचिंग की वारदातों में शामिल होने की बात कबूल की। बरामद वाहन नकली व छेड़छाड़ की हुई नंबर प्लेटों से लैस मिले। आरोपी पहले बाइक का लॉक तोड़ते, फिर इग्निशन सिस्टम बदलकर चोरी की बाइक पर नकली नंबर लगाते ताकि चेकिंग के दौरान पकड़े ना जाएं।
जीटीबी एनक्लेव पुलिस की त्वरित कार्रवाई, बेहतरीन समन्वय और मुस्तैदी से सक्रिय अपराधियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में चोरी की संपत्ति बरामद की गई। शाहदरा जिला पुलिस ने कहा कि क्षेत्र की सुरक्षा और शांति सुनिश्चित करने के लिए ऐसी सख़्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।





