ग्रेटर नोएडा में बेकाबू हुआ ट्रक, नाला पाकर बिजली के पोल से टकराया; सरिया घुसने से ड्राइवर की दर्दनाक मौत
ग्रेटर नोएडा के बादलपुर क्षेत्र में नींद की झपकी से अनियंत्रित हुए सरिया लदे ट्रक के पलटने से चालक की दर्दनाक मौत हो गई। केबिन में घुसे सरियों के कारण शव निकालने में पुलिस को करीब चार घंटे लगे, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया।

ग्रेटर नोएडा। कोतवाली बादलपुर क्षेत्र में मंगलवार सुबह नींद की झपकी के कारण एक सरिया लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने नाले को पार कर बिजली के पोल से टकरा गया। हादसे में ट्रक पलट गया और उसमें भरा सरिया केबिन में घुस गया, जिससे चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। शव को निकालने में पुलिस को करीब 4 घंटे की मशक्कत करनी पड़ी। हादसे के चलते सड़क पर घंटो जाम लगा रहा।
कोतवाली प्रभारी बादलपुर विजय गुप्ता ने बताया कि बुलंदशहर के चांदपुर निवासी आमिर, पुत्र मकसूद खान उम्र 28 वर्ष, सरिये से भरा ट्रक लेकर बुलंदशहर से गाजियाबाद की ओर जा रहा था। सुबह करीब 5:50 बजे जब ट्रक छपरौला के पास पीएनबी बैंक के सामने पहुंचा, तो चालक को झपकी आ गई। इससे ट्रक बेकाबू होकर सड़क किनारे बने नाले को पार कर ट्रांसफार्मर लगे बिजली के पोल से टकराकर पलट गया।
ट्रक पर लगभग 20 टन सरिया लदा था। टक्कर इतनी तेज थी कि सारा सरिया आगे केबिन में घुस गया और चालक उसमें फंस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हाइड्रा और कटर की मदद से पहले सरिये हटवाए, फिर ट्रक की बॉडी काटकर शव बाहर निकाला।
इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और परिजनों को सूचना दी गई। हादसे के कारण छपरौला मार्ग पर एक तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब 4 घंटे बाद ट्रक हटने पर यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।




