गौशाला में भगवान गोवर्धन की अद्भुत प्रतिमा, सीएम मोहन यादव ने बनाने वाली बालिका के लिए इनाम की घोषणा की

इंदौर/मध्य प्रदेश। गोवर्धन पूजा के मौके पर इंदौर नगर निगम की गौशाला रेशम केंद्र में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें सीएम मोहन यादव भी शामिल होने पहुंचे थे। पूजन के बाद सीएम मोहन यादव ने लोगों को संबोधित किया है। उन्होंने कहा कि समाज और सरकार के सहयोग से ही गौशालाएं, गौ मंदिर बनेंगी। मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश में सनातन संस्कृति और सांस्कृतिक विकास के अनेक कार्य हुए हैं। वहीं, गोवर्धन पूजा के लिए भगवान गोवर्धन की जीवंत प्रतिमा गौशाला में बनाई गई थी। यह प्रतिमा एक बालिका ने बनाई थी। इस प्रतिमा को देखकर सीएम मोहन यादव प्रसन्न हुए। साथ ही प्रतिमा को बनाने वाली बालिका महक शर्मा को प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि महक शर्मा को 11000 रुपए की अतिरिक्त राशि दी जाएगी।
मोहन यादव ने कहा कि गौमाता स्वदेशी जीवन शैली की प्रतीक हैं। संसार में हमारा जन्म भले ही माता-पिता के माध्यम से हुआ हो, लेकिन गौमाता अपने बच्चों के साथ संपूर्ण मानव जाति का लालन-पालन करती है। गौमाता और मनुष्य कभी अलग नहीं हो सकते, दोनों एक दूसरे पर परस्पर निर्भर हैं। घरों में पहली रोटी गाय के लिए और आखिरी रोटी काल भैरव के प्रतीक श्वान के लिए निकलती थी। आज प्रदेश में गोवर्धन, गौ संरक्षण और गौसंवर्धन का एक भी भाव है गाय की रक्षा। बदलते दौर में जियो और जीने दो की भावना से सबकी चिंता करना चाहिए। उन्होंने कहा कि गौपाल कृष्ण ने अपने सिर पर मोर मुकुट धारण कर गांवों की संस्कृति को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया है। व्यक्ति चाहे कितने बड़े स्थान पर चला जाएं, लेकिन गांवों से रिश्ते कभी खत्म नहीं करना चाहिए। गांवों की संस्कृति के साथ सभी तीज-त्यौहार मनाए जाने चाहिए। मोहन यादव ने कहा कि आज खेती में रासायनिक खादों यूरिया और डीएपी का प्रयोग बढ़ता जा रहा है, जिससे किसानों के लिए खेती का बजट बिगड़ता जा रहा है। उत्पादन की अपेक्षाकृत लागत बढ़ती जा रही है। अब जो किसान प्राकृतिक खेती के लिए पंजीयन कराएगा। उन्हें एमएसपी के साथ अलग से राशि दी जाएगी।
इसके साथ ही सीएम ने कहा कि प्राकृतिक खेती से जीवन में बड़े बदलाव आएंगे। गोमूत्र से चिकित्सा, गोबर से खाद और गोबर के दिये जैसे अनेक कल्याणकारी व्यवस्थाएं संचालित हो रही हैं। कहा जाता है कि गोबर से लिपे घर में परमाणु विकिरण का असर नहीं होता है। प्रदेश के किसी भी नगर निगम में कोई भी पिंजरा पोल नहीं चलेगा। इन्हें बड़ी गोशालाओं बदला जा रहा है। इंदौर की यह गौशाला बड़ी गौशाला निर्माण का अनोखा उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि जिस घर में गौमाता होती है, वहां कोई कुपोषित नहीं रहता है। गाय के दूध और घी से ही शरीर में सभी पोषक तत्व मिल जाते हैं। प्रतिदिन गाय के दूध और घी का सेवन करने से कई प्रकार की बीमारियां पास नहीं आती हैं। गौशालाओं के विकास और गोसेवा के लिए समाज और सरकार को सहकार्य की आवश्यकता है। दोनों मिलकर प्रदेशभर में गोशालाओं को गौमंदिर के रूप में विकसित करेंगे। अगर किसी को गौमाता को रखने में परेशानी है तो वे गाय को यहां-वहां न छोड़कर उन्हें गौशालाओं में पहुंचाएं। गौमाता को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी हमारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button