फतेहपुर में निचली गंगा नहर में दिखा छह फीट का मगरमच्छ
लोगों का लगा जमावड़ा, यमुना नदी से आने की आशंका

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। फतेहपुर जिले के असोथर थाना क्षेत्र में निचली गंगा नहर के पास सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने नहर में विशालकाय मगरमच्छ को देखा। मगरमच्छ बस्ती के किनारे दिखने से लोगों में दहशत फैल गई और उसे देखने के लिए सैकड़ों लोगों का जमावड़ा लग गया।
ग्रामीणों ने बताया कि मगरमच्छ करीब छह फीट लंबा था। आशंका जताई जा रही है कि यह मगरमच्छ यमुना नदी से बहकर निचली गंगा नहर में आ गया है। लोगों की भारी भीड़ और शोरगुल को देखकर मगरमच्छ तुरंत नहर में कूद गया और पानी के अंदर चला गया। स्थानीय लोगों ने वन विभाग को सूचना दी है।




