यूपी महिला पुलिस भी अब एक्शन में: पहली बार हिस्ट्रीशीटर को एनकाउंटर में पकड़ा

गाजियाबाद/ब्यूरो। यूपी के गाजियाबाद की महिला पुलिस ने लूट, चोरी, छिनैती समेत अन्य मामलों में फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि आरोपी ने पुलिस टीम पर हमला करके भागने का प्रयास तो महिला पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई। एक गोली आरोपी के पैर में लगी। उसकी पहचान जितेंद्र निवासी सेक्टर-नौ विजयनगर के रूप में हुई। मुठभेड़ के बाद हिस्ट्रीशीटर गिड़गिड़ाते हुए नजर आया। वह बार-बार पुलिस से आई एम सॉरी मैम, आई एम सॉरी मैम… कहता रहा।
एसीपी नंदग्राम उपासना पांडेय ने बताया कि महिला थाना प्रभारी रितु त्यागी की अगुवाई में पुलिस की टीम सोमवार रात को लोहियानगर के पास चेकिंग कर रही थीं। तभी एक आरोपी आता दिखा। पुलिस टीम ने उसको रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगा। उसका पीछा किया गया तो उसने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। पुलिस की टीम ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई। एक गोली आरोपी के पैर में लगी।
आरोपी से एक स्कूटी, जिसको उसने दिल्ली से चोरी करने की बात कबूली। इसके अलावा एक लैपटॉप, टेबलेट, एक मोबाइल, तमंचा आदि बरामद हुआ। छानबीन करने पर पता चला कि आरोपी के खिलाफ विजयनगर थाने में लूट, छिनैती, चोरी के आठ मुकदमे दर्ज हुए हैं। वह हिस्ट्रीशीटर है। आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह शौक पूरा करने के लिए अपराध की दुनिया में उतर गया था। पुलिस से उसने गिड़गिड़ाकर माफी मांगी। एसीपी ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान चल रहा है। ऐसे में गाजियाबाद महिला पुलिस का यह पहला एनकाउंटर है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button